शिवपुरी में लोकायुक्त ने 20 हजार की रिश्वत लेते सरपंच दंपती को किया गिरफ्तार
- कपिलधारा कुएं के भुगतान के लिए मांगी थी रिश्वत
शिवपुरी, 08 जुलाई (हि.स.) । मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले की खनियाधाना जनपद पंचायत के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत जुंगीपुर की महिला सरपंच और उनके पति को ग्वालियर लोकायुक्त की टीम ने बुधवार को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। दंपत्ति ने कपिलधारा योजना के तहत खोदे गए कुएं की निर्माण राशि का भुगतान जारी करने के एवज में यह घूस मांगी थी।
जानकारी के अनुसार, जुंगीपुर ग्राम पंचायत के निवासी और योजना के हितग्राही राहुल सिंह यादव ने वर्ष 2025 में अपने खेत पर कपिलधारा योजना के तहत एक कुएं का निर्माण करवाया था। इस निर्माण कार्य की स्वीकृत राशि का भुगतान कराने के लिए वह लगातार पंचायत के चक्कर काट रहा था। लेकिन ग्राम पंचायत की सरपंच केशवती कोली और उनके पति खेमचंद कोली भुगतान की फाइल आगे बढ़ाने के बदले 20 हजार रुपये की रिश्वत की मांग कर रहे थे। परेशान होकर फरियादी राहुल सिंह यादव ने 3 जुलाई 2026 को ग्वालियर लोकायुक्त कार्यालय जाकर मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई।
लोकायुक्त पुलिस ने शिकायत का सत्यापन कराया, जिसमें रिश्वत मांगे जाने की पुष्टि हुई। इसके बाद योजनाबद्ध तरीके से बुधवार सुबह करीब 10 बजे लोकायुक्त की टीम ने खनियाधाना उपजेल के पीछे स्थित सरपंच के निजी आवास पर दबिश दी। जैसे ही हितग्राही राहुल सिंह ने सरपंच केशवती कोली और उनके पति खेमचंद कोली को 20 हजार रुपये थमाए, वैसे ही पहले से घेराबंदी कर खड़ी लोकायुक्त की टीम ने दोनों को दबोच लिया।
ग्वालियर लोकायुक्त के निरीक्षक उपेंद्र दुबे और निरीक्षक अंजली शर्मा के नेतृत्व में इस पूरी ट्रैप कार्रवाई को अंजाम दिया गया। लोकायुक्त पुलिस ने आरोपित सरपंच और उनके पति के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत