भिंड के मेहगांव में लोकायुक्त की कार्रवाई, नामांतरण के लिए 30 हजार की रिश्वत मांगी, पहली किस्त लेते पटवारी गिरफ्तार
भिंंड, 27 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के भिंड जिले में जमीन के नामांतरण के बदले रिश्वत मांगने वाले पटवारी को ग्वालियर लोकायुक्त पुलिस ने गुरुवार को रंगे हाथ गिरफ्तार किया। मेहगांव क्षेत्र के सिमार हल्के में पदस्थ पटवारी संजय बघेल को पांच हजार रुपए की रिश्वत की पहली किस्त लेते पकड़ा गया। लोकायुक्त ने उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है।
लोकायुक्त के अनुसार, सरसेड़ा निवासी राघवेन्द्र बघेल ने करीब तीन महीने पहले अपनी पत्नी के नाम जमीन खरीदी थी। जमीन के नामांतरण की प्रक्रिया के लिए वह सिमार हल्के में पदस्थ पटवारी संजय बघेल के संपर्क में आया। आरोप है कि नामांतरण के काम के बदले पटवारी ने उससे 30 हजार रुपए रिश्वत की मांग की। राघवेन्द्र ने रिश्वत की रकम देने में असमर्थता जताई। इसके बाद बातचीत के दौरान कथित तौर पर रिश्वत की रकम घटाकर 10 हजार रुपए तय हुई। यह रकम दो किस्तों में देने की बात सामने आई। नामांतरण के काम को लेकर पटवारी पर फरियादी से अभद्रता करने का आरोप भी है। रिश्वत की मांग से परेशान राघवेन्द्र ने इसकी शिकायत ग्वालियर लोकायुक्त पुलिस से की। शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त टीम ने आरोपों का सत्यापन कराया। शिकायत सही पाए जाने के बाद ट्रैप की कार्रवाई की योजना बनाई गई।
ऑनलाइन सेंटर पर बुलाकर ली पहली किस्त
गुरुवार को लोकायुक्त टीम ने फरियादी को पांच हजार रुपए दिए और पटवारी के बताए स्थान पर भेजा। बताया गया कि पटवारी ने उसे मेहगांव में भारौली रोड स्थित एक ऑनलाइन सेंटर पर बुलाया था। जैसे ही राघवेन्द्र ने पांच हजार रुपए संजय बघेल को दिए और उसने रकम अपने कब्जे में ली, पहले से निगरानी कर रही लोकायुक्त टीम ने उसे पकड़ लिया। कार्रवाई के बाद लोकायुक्त टीम पटवारी को अपने साथ ले गई। टीम द्वारा रिश्वत की रकम की जब्ती सहित अन्य कानूनी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं।
रेस्ट हाउस में जारी रही कार्रवाई
ट्रैप कार्रवाई के बाद लोकायुक्त की टीम मेहगांव रेस्ट हाउस पहुंची, जहां आगे की कार्रवाई की गई। पटवारी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू की गई है। मामले में लोकायुक्त द्वारा रिश्वत की मांग, लेन-देन और नामांतरण से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे