भिंड में पेड़ से टकराकर पलटा लोडिंग वाहन, पिता-पुत्र समेत तीन की मौत, दो घायल

 


भिंड, 12 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के भिंड जिले में मंगलवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। यह हादसा मेहगांव-मौ मुख्य मार्ग पर स्थित प्रसिद्ध दंदरौआ धाम के गेट नंबर-1 के पास हुआ। सभी मृतक और घायल ग्वालियर जिले के रहने वाले हैं।

जानकारी के अनुसार, ग्वालियर के मौ क्षेत्र से पांच लोग एक लोडिंग वाहन में सवार होकर दंदरौआ की ओर जा रहे थे। वाहन में एक भैंस भी लदी हुई थी। तड़के सुबह जैसे ही वाहन दंदरौआ धाम के पास पहुंचा, तेज रफ्तार होने के कारण चालक उस पर से नियंत्रण खो बैठा। बेकाबू वाहन सड़क किनारे एक पेड़ से सीधे जा टकराया और पलट गया। हादसा इतना भयावह था कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार तीन लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान प्रीतम मांझी (50 वर्ष), उनके पुत्र सुनील मांझी (निवासी ग्राम छोली, ग्वालियर) और उपेंद्र राणा (निवासी लखनौती, डबरा) के रूप में की गई है।

घायलों को ग्वालियर रेफर किया गया

हादसे में रामरूप बघेल और मानवेंद्र ठाकुर गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घटना की सूचना मिलते ही मेहगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए ग्वालियर रेफर कर दिया गया है।

एसडीओपी संजय कोच्छा ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वहीं, पुलिस हादसे की वजह जानने के लिए जांच में जुट गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत