शराब तस्करी और ड्रग्स मामलों को लेकर कांग्रेस ने सरकार को घेरा, जीतू पटवारी ने उच्चस्तरीय जांच की मांग की

 


भोपाल, 06 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने प्रदेश में हाल के दिनों में सामने आए कथित शराब तस्करी और ड्रग्स से जुड़े मामलों को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में संगठित अपराध के मामलों में वृद्धि हुई है और सरकार को इन घटनाओं पर जवाब देना चाहिए।

जीतू पटवारी ने साेमवार काे अपने बयान में कहा कि हाल ही में आलीराजपुर जिले के जोबट क्षेत्र में पुलिस ने दो कंटेनरों से बड़ी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब जब्त की थी। उनके अनुसार, यह शराब गुजरात भेजी जा रही थी और मामले में दो आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है। उन्होंने दावा किया कि यह केवल एक बड़े नेटवर्क का हिस्सा हो सकता है। उन्होंने भोपाल, मंदसौर और मऊगंज में सामने आए कथित ड्रग्स मामलों का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि प्रदेश में नशे के कारोबार का दायरा बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार को यह स्पष्ट करना चाहिए कि ऐसे अवैध कारोबार किन परिस्थितियों में संचालित हो रहे हैं।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि प्रदेश में शराब, ड्रग्स, रेत और भू-माफिया सक्रिय हैं तथा कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन मामलों में केवल निचले स्तर पर कार्रवाई पर्याप्त नहीं है, बल्कि पूरे नेटवर्क की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। पीसीसी चीफ पटवारी ने मांग की कि आलीराजपुर शराब तस्करी और मऊगंज से जुड़े ड्रग्स मामले की उच्चस्तरीय, समयबद्ध और निष्पक्ष जांच कराई जाए। उन्होंने कहा कि जांच के दायरे में पूरे नेटवर्क, आर्थिक सहयोग करने वालों तथा यदि किसी स्तर पर संरक्षण मिला हो तो उसकी भी पड़ताल की जानी चाहिए। साथ ही जांच रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग भी की।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रदेश में नशे के कारोबार के खिलाफ आवाज उठाती रहेगी और युवाओं के हितों से जुड़े मुद्दों पर सरकार से जवाबदेही की मांग करेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे