सागर: बंडा में शराब से दो युवकों की मौत पर भड़के पूर्व मंत्री सुरेंद्र चौधरी, जांच की उठाई मांग

 


सागर, 20 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर जिले के बंडा विकासखंड अंतर्गत ग्राम सेमरा रामचंद्र में शराब पीने दो युवकों की मौत और एक अन्य के गंभीर रूप से बीमार होने के मामले ने वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व मंत्री सुरेंद्र चौधरी ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए प्रदेश सरकार और स्थानीय प्रशासन की कार्यप्रणाली पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने इस पूरे प्रकरण की उच्च स्तरीय और निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई करने की मांग की है।

पूर्व मंत्री सुरेंद्र चौधरी ने शुक्रवार को कहा कि ग्राम सेमरा रामचंद्र निवासी कमलेश लोधी और चंद्रभान लोधी की असामयिक मृत्यु तथा एक अन्य युवक का अस्पताल में भर्ती होना बेहद हृदयविदारक है। उन्होंने आरोप लगाया कि सागर जिले में अवैध और जहरीली शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के शासन-प्रशासन के दावे केवल कागजों तक सीमित हैं। चौधरी के अनुसार, बंडा-शाहगढ़ के बाद केसली, नरयावली के ईसरवारा, सागर के मछरयाई और अब सेमरा रामचंद्र में लगातार हो रही ऐसी घटनाएं साबित करती हैं कि अवैध शराब माफियाओं पर प्रशासन का नियंत्रण समाप्त हो चुका है। उन्होंने सच्चाई पर पर्दा डालने का आरोप लगाते हुए पूछा कि आखिर कब तक इन मौतों की वास्तविकता को छिपाया जाता रहेगा।

सुरेंद्र चौधरी ने जिला प्रशासन, पुलिस और आबकारी विभाग की भूमिका को संदेह के घेरे में लेते हुए एक महत्वपूर्ण मांग रखी है। उन्होंने कहा कि ऐसे अधिकारी और मैदानी कर्मचारी, जो पिछले कई वर्षों से सागर जिले में पदस्थ हैं या स्थानांतरण के बाद बार-बार इसी जिले में वापसी कर लेते हैं, उनकी कार्यप्रणाली की सूक्ष्म जांच होनी चाहिए। पूर्व मंत्री ने सवाल किया कि जब लंबे समय से तैनात इस अमले को अवैध शराब के नेटवर्क और इसमें शामिल लोगों की पूरी जानकारी है, तो फिर इस कारोबार को फलने-फूलने से क्यों नहीं रोका गया? उन्होंने आशंका जताई कि निष्पक्ष जांच होने पर अवैध कारोबार को संरक्षण देने और लापरवाही बरतने से जुड़े कई गंभीर तथ्य सामने आ सकते हैं।

सरकार द्वारा चलाए जा रहे नशा विरोधी अभियानों पर कटाक्ष करते हुए चौधरी ने कहा कि लाखों लोगों को जागरूक करने के दावे किए जा रहे हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर इसका कोई असर दिखाई नहीं दे रहा है। उन्होंने मांग की कि केवल छोटे कर्मचारियों पर खानापूर्ति की कार्रवाई करने के बजाय उच्च अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए और नशा मुक्ति अभियानों की भी समीक्षा हो।

पूर्व मंत्री ने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी है कि लोगों की जिंदगी से खिलवाड़ करने वाले इस अवैध कारोबार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जब तक मृतक युवकों को न्याय नहीं मिल जाता, दोषियों पर सख्त कार्रवाई नहीं होती और सागर जिले से अवैध शराब का कारोबार पूरी तरह बंद नहीं हो जाता, तब तक कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे