लाइनमैन दिवस पर दमोह में 21 विद्युत कर्मियों का सम्मान

 


दमोह, 07 मार्च (हि.स.)। विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में अहम भूमिका निभाने वाले लाइनमैनों के सम्मान में शनिवार को मध्यप्रदेश के दमोह जिला मुख्यालय पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। मध्यप्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड के दक्षिण संभाग स्थित किल्लाई नाका परिसर में हुए समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 21 लाइनमैनों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में अधीक्षण अभियंता अमित चौहान, कार्यपालन अभियंता मोतीलाल साहू, सहायक अभियंता राघवेन्द्र इडापाची तथा कनिष्ठ अभियंता पूजा खोबरागड़े, शिवानी गुप्ता और राजेश बियार सहित विभाग के कई अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने अपने संबोधन में कहा कि लाइनमैन विद्युत विभाग की रीढ़ हैं और उनके बिना निर्बाध बिजली आपूर्ति की कल्पना संभव नहीं है।

इस अवसर पर कर्मचारियों को विद्युत कार्यों के दौरान सुरक्षा, सतर्कता और सजगता बनाए रखने की शपथ भी दिलाई गई। साथ ही कंपनी के प्रबंध संचालक अजय गुप्ता का संदेश पढ़कर सुनाया गया, जिसमें उन्होंने कहा कि प्रदेश में बिजली आपूर्ति को सुचारू बनाए रखने में लाइनमैनों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। विपरीत परिस्थितियों में भी वे निरंतर कार्य कर उपभोक्ताओं तक बिजली पहुंचाने का दायित्व निभाते हैं।

कार्यपालन अभियंता अमित चौहान ने कहा कि लाइनमैनों को कार्य के दौरान सुरक्षा उपकरणों का अनिवार्य रूप से उपयोग करना चाहिए। साथ ही मैदानी स्तर पर काम करते समय उपभोक्ताओं के साथ संयमित और शालीन व्यवहार बनाए रखना भी जरूरी है।

वहीं कार्यपालन अभियंता मोतीलाल साहू ने बताया कि जिले में करीब 700 लाइनमैन विद्युत सेवाएं दे रहे हैं, जिनमें 148 नियमित कर्मचारी हैं, जबकि शेष आउटसोर्स व्यवस्था के तहत कार्यरत हैं। उन्होंने कहा कि लाइनमैन बिजली व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं और उनके परिश्रम से ही उपभोक्ताओं को लगातार विद्युत आपूर्ति मिलती है।

समारोह में कन्हैया पटेल, आवेद खान, गुरदीप सिंह, भगवान दास, मुन्नीलाल, सोनेलाल, मनीष दुबे, सपना पटेल, बिंदु पटेल, कृष्णपाल सिंह, नंदराम अहिरवार, शैलेन्द्र तिवारी, जितेन्द्र नामदेव, लीलाधर खरे, सृष्टि धुर्वे, दीपक धुर्वे, अभय पटेल, जागेश्वर अहिरवाल, महेन्द्र सोनी, राजेन्द्र दास बर्मन और दुर्गेश असाटी सहित कुल 21 लाइनमैनों को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के अंत में अधिकारियों ने सभी कर्मचारियों से विद्युत सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए बेहतर सेवाएं देने का आह्वान किया।

हिन्दुस्थान समाचार / हंसा वैष्णव