भोपाल के कुराना में शुरू हुई लाइब्रेरी, छात्रा ने जनविश्वास शिविर में रखी थी मांग
भोपाल, 17 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भाेपाल के समीप बैरसिया में गांव में पढ़ाई के लिए उपयुक्त स्थान और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए संसाधन उपलब्ध कराने की एक छात्रा की मांग गुरुवार को पूरी हो गई।
बैरसिया विधानसभा क्षेत्र के कुराना गांव में लाइब्रेरी शुरू की गई। खास बात यह रही कि जिस छात्रा खुशबू अहिरवार ने जनविश्वास शिविर में गांव में लाइब्रेरी खोलने की मांग रखी थी, उसी ने फीता काटकर इसका शुभारंभ किया।
दरअसल कुछ समय पहले ग्राम मुगालिया हाट में आयोजित जनविश्वास शिविर में कुराना निवासी खुशबू ने अधिकारियों को बताया था कि गांव में ऐसा कोई स्थान नहीं है, जहां विद्यार्थी शांत वातावरण में नियमित पढ़ाई कर सकें। घर में पर्याप्त जगह नहीं होने के कारण उसे भी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में परेशानी होती थी। उसने गांव में लाइब्रेरी शुरू करने की मांग रखी थी। छात्रा की समस्या को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने कुराना में लाइब्रेरी शुरू करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद जिला पंचायत सीईओ ईला तिवारी की निगरानी में लाइब्रेरी की व्यवस्था की गई और गुरुवार से विद्यार्थियों के लिए इसे शुरू कर दिया गया।
प्रतियोगी परीक्षाओं की किताबें भी उपलब्ध
लाइब्रेरी में विद्यार्थियों की सामान्य पढ़ाई के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए पुस्तकें उपलब्ध कराई गई हैं। जिला पंचायत सीईओ के आग्रह पर अरिहंत पब्लिकेशन ने प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित उपयोगी पुस्तकें उपलब्ध कराईं। इसके अलावा एसडीएम विनोद सोनकिया और ग्रामीणों ने भी लाइब्रेरी को समृद्ध बनाने में सहयोग किया।
गांव के विद्यार्थियों को मिलेगा अध्ययन का माहौल
लाइब्रेरी शुरू होने से कुराना और आसपास के विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए एक व्यवस्थित और शांत स्थान मिल सकेगा। खासतौर पर वे विद्यार्थी जो प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं, उन्हें यहां आवश्यक अध्ययन सामग्री उपलब्ध होगी। प्रशासन ने इसे ग्रामीण विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में पहल बताया है।
पुस्तक दान करने की अपील
जिला प्रशासन ने जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संस्थाओं, पुस्तक प्रेमियों और आम लोगों से लाइब्रेरी के लिए उपयोगी पुस्तकों का सहयोग करने की अपील की है। ऐसी पुस्तकें, जो विद्यार्थियों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं के लिए उपयोगी हों, लाइब्रेरी को उपलब्ध कराई जा सकती हैं। शुभारंभ के अवसर पर बैरसिया विधायक विष्णु खत्री, एसडीएम विनोद सोनकिया, जनपद सीईओ शिवानी मिश्रा, शशिकांत सागरे, सरपंच, सचिव, छात्रा खुशबू और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे