बरमान रेत घाट पर फिर हादसा: नर्मदा में डूबे दो युवक, एक की बची जान, दूसरे की तलाश जारी

 


नरसिंहपुर, 23 मई (हि.स.)। मध्यप्रदेश के नरसिंहपुर जिले स्थित बरमान खुर्द के रेत घाट पर शनिवार को नर्मदा नदी में नहाने गए दो युवक डूब गए। हादसे में एक युवक को स्थानीय लोगों की मदद से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि दूसरा युवक गहरे पानी में समा गया। लापता युवक की तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान जारी है।

जानकारी के अनुसार, छिंदवाड़ा जिले के अमरवाड़ा क्षेत्र से कुछ लोग परिवार सहित बरमान रेत घाट घूमने आए थे। भीषण गर्मी और स्कूल-कॉलेजों की छुट्टियों के चलते घाट पर काफी भीड़ थी। इसी दौरान दो युवक नहाते समय अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल बचाव प्रयास शुरू किए, जिससे एक युवक को सुरक्षित निकाल लिया गया, लेकिन दूसरा युवक पानी के तेज बहाव और गहराई में लापता हो गया।

घटना के बाद घाट क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची तथा युवक की तलाश शुरू कराई गई। देर शाम तक रेस्क्यू टीम द्वारा नदी में सर्च ऑपरेशन जारी रहा।

स्थानीय लोगों ने हादसे के लिए सुरक्षा इंतजामों की कमी को जिम्मेदार ठहराया है। उनका कहना है कि बरमान घाट पर लगातार डूबने की घटनाएं हो रही हैं, लेकिन प्रशासन अब तक पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था नहीं कर पाया है। घाट पर न तो गहरे पानी के चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं और न ही स्थायी गोताखोर या सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की गई है।

लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि रेत के अवैध उत्खनन के कारण नदी में कई जगह गहरे गड्ढे बन गए हैं, जो हादसों की बड़ी वजह बन रहे हैं। इसके बावजूद प्रशासन इस ओर गंभीरता नहीं दिखा रहा।

स्थानीय नागरिकों ने घाट क्षेत्र में बैरिकेडिंग, चेतावनी संकेतक और स्थायी सुरक्षा व्यवस्था की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / भागीरथ तिवारी