गुना के जंगल में मिला तेंदुए का क्षत-विक्षत शव, सिर और चारों पैर गायब, तस्करी के लिए शिकार की आशंका

 


गुना, 30 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के गुना जिले के गुना उत्तर वन परिक्षेत्र की भदौरा सब रेंज स्थित आगरा-हंसली के जंगल में गुरुवार को तेंदुए का क्षत-विक्षत शव मिलने से वन विभाग में हड़कंप मच गया। तेंदुए के शव से सिर और चारों पैर गायब थे, जबकि मौके पर केवल धड़ मिला। घटना के बाद वन विभाग ने जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर वन्यजीव तस्करी के उद्देश्य से शिकार किए जाने की आशंका जताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, जंगल में तेंदुए का शव सबसे पहले ग्रामीणों ने देखा और इसकी सूचना वन विभाग को दी। मौके पर पहुंची टीम ने पाया कि शव बुरी तरह क्षत-विक्षत अवस्था में था। तेंदुए का सिर और चारों पैर गायब थे तथा धड़ की खाल भी नहीं थी। वन विभाग ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, ताकि मौत के कारणों और घटनाक्रम की पुष्टि हो सके। वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि तेंदुए के नाखून, दांत और अन्य अंगों की तस्करी के लिए शिकार किए जाने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। हालांकि, वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगा।

घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने वन विभाग की गश्त व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि यदि यह शिकार का मामला है, तो यह स्पष्ट किया जाना चाहिए कि घटना के समय क्षेत्र में गश्त की क्या व्यवस्था थी और वनकर्मियों को इसकी जानकारी क्यों नहीं मिल सकी। ग्रामीणों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। मामले की जानकारी मिलने पर कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल ने वन विभाग के अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर जांच करने के निर्देश दिए। वन विभाग ने बताया कि घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। यदि जांच में शिकार की पुष्टि होती है, तो आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे