नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने किसानों, स्वास्थ्य व्यवस्था और दतिया उपचुनाव समेत कई मुद्दों पर सरकार को घेरा
भाेपाल, 07 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने मंगलवार को भोपाल में आयोजित प्रेसवार्ता में प्रदेश के किसानों, स्वास्थ्य सेवाओं, दतिया उपचुनाव और अन्य जनहित के मुद्दों को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने मूंग खरीदी, स्वास्थ्य व्यवस्था, कथित कागजी अस्पतालों और कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों पर सरकार से जवाब मांगा।
उमंग सिंघार ने कहा कि प्रदेश के मूंग उत्पादक किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा है। उनका दावा है कि पिछले वर्ष 15 से 18 लाख मीट्रिक टन उत्पादन के मुकाबले केवल 7.65 लाख मीट्रिक टन मूंग की समर्थन मूल्य पर खरीदी हुई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि इस वर्ष भी 8.06 लाख मीट्रिक टन संभावित उत्पादन के मुकाबले 4.55 लाख मीट्रिक टन खरीदी का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिससे बड़ी संख्या में किसान प्रभावित होंगे।
उन्होंने कहा कि बढ़ती उत्पादन लागत के बावजूद मूंग के न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) में मात्र 12 रुपये प्रति क्विंटल की वृद्धि किसानों के हितों के अनुरूप नहीं है। उन्होंने मांग की कि प्रत्येक किसान की पूरी उपज एमएसपी पर खरीदी जाए, खरीदी का लक्ष्य बढ़ाया जाए और किसानों को उनकी मेहनत का उचित मूल्य मिले। सिंघार ने बताया कि इस संबंध में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान को भी पत्र लिखा गया है।
स्वास्थ्य व्यवस्था पर उठाए सवाल
नेता प्रतिपक्ष ने इंदौर के खजराना क्षेत्र में कथित रूप से केवल कागजों में संचालित एक अस्पताल का मुद्दा उठाते हुए स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल खड़े किए। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं और डॉक्टरों की उपलब्धता को लेकर गंभीर स्थिति है। उनका कहना था कि लोगों को बेहतर इलाज के लिए केवल घोषणाएं नहीं, बल्कि अस्पतालों में डॉक्टर, दवाइयां और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री के गृह जिले में नशे के कारोबार की शिकायतों का भी उल्लेख करते हुए सरकार से प्रभावी कार्रवाई की मांग की।
दतिया उपचुनाव पर कांग्रेस की जीत का दावा
दतिया विधानसभा उपचुनाव को लेकर सिंघार ने कांग्रेस की जीत का दावा किया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस विधायक की सदस्यता समाप्त कराए जाने के पीछे राजनीतिक कारण रहे हैं। उनका कहना था कि दतिया की जनता उपचुनाव में इसका जवाब देगी और कांग्रेस सीट जीतकर वापसी करेगी।
राम मंदिर चढ़ावा मामले का भी उठाया मुद्दा
प्रेसवार्ता में सिंघार ने अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे से जुड़े कथित अनियमितताओं के आरोपों का भी उल्लेख करते हुए इसकी निष्पक्ष जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थलों से जुड़े मामलों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की जानी चाहिए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे