सतना पहुंचे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी, प्रदेश सरकार पर साधा निशाना

 


सतना, 11 मई (हि.स.)। मध्‍य प्रदेश के कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी सोमवार को अल्प प्रवास पर सतना पहुंचे। इस दौरान उन्होंने पत्रकारों से चर्चा करते हुए प्रदेश सरकार पर कई मुद्दों को लेकर तीखा हमला बोला।

कुपोषण के मुद्दे पर सरकार को घेरते हुए पटवारी ने कहा कि सतना जिले में आठ हजार से अधिक कुपोषित बच्चे हैं, जो प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था और सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में लंबे समय से सत्ता में रही सरकार जनता की बुनियादी समस्याओं को दूर करने में विफल रही है।

उन्होंने हाल ही में कुपोषण से हुई एक बच्चे की मौत का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार कुपोषण दूर करने के नाम पर भी भ्रष्टाचार कर रही है। उनका कहना था कि कुपोषित बच्चों के लिए मिलने वाली सहायता में भी अनियमितताएं हो रही हैं।

एनसीआरबी रिपोर्ट का हवाला देते हुए जीतू पटवारी ने कहा कि देश में होने वाले कुल अपराधों में मध्यप्रदेश की हिस्सेदारी चिंताजनक है। उन्होंने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि मध्यप्रदेश अब “जंगलराज” का पर्याय बन चुका है। भ्रष्टाचार को लेकर भी उन्होंने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में भ्रष्टाचार हर स्तर पर फैल चुका है।

प्रधानमंत्री द्वारा सोना नहीं खरीदने और पेट्रोल-डीजल बचाने जैसी अपीलों पर प्रतिक्रिया देते हुए पटवारी ने कहा कि बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता जैसे मुद्दों पर भी गंभीरता से ध्यान देने की आवश्यकता है।

सतना प्रवास के दौरान उन्होंने कांग्रेस नेत्री उर्मिला त्रिपाठी के जवाहर नगर स्थित निवास पहुंचकर मुलाकात की। इस दौरान संगठन, जनहित और प्रदेश विकास से जुड़े विषयों पर चर्चा हुई।

इसके बाद जीतू पटवारी नागौद कृषि उपज मंडी पहुंचे, जहां उनके साथ सतना विधायक सिद्धार्थ कुशवाहा भी मौजूद रहे। उन्होंने किसानों से मुलाकात कर स्लॉट बुकिंग, तौल व्यवस्था और भावांतर योजना को लेकर जानकारी ली। इस दौरान वरिष्ठ कांग्रेस नेता एडवोकेट मुख्तार अहमद सिद्दीकी ने मंडी खरीदी व्यवस्था पर सवाल उठाए।

हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्‍द्र द्विवेदी