श्योपुरः चीतों ने बोत्सवाना से भरी उड़ान, शनिवार को पहुंचेंगे कूनो राष्ट्रीय उद्यान

 


श्योपुर , 27 फ़रवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के श्योपुर जिले में स्थित कूनों पार्क में चीतों का कुनबा बढ़ाने के लिये फिर से आठ चीता विशेष विमान से बोत्सवाना से उड़ान भर चुके हैं, जो शनिवार, 28 फरवरी को कूनो राष्ट्रीय उद्यान पहुचेंगे।

चीतो के भारत में आगमन की यह तीसरी खेप होगी। कूनों में 8 चीतों की आगवानी के लिए मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव एवं केन्द्रीय मंत्री भूपेन्द्र यादव का कार्यक्रम प्रस्तावित है। चीता प्रोजेक्ट के तहत सबसे पहले नामीबिया से 17 सितंबर 2022 को 8 चीतों का आगमन हुआ था, इसके उपरांत 18 फरवरी 2024 को साउथ अफ्रीका से 12 चीते कूनो नेशनल पार्क पहुंचे थे। कमिश्नर चंबल संभाग सुरेश कुमार द्वारा शुक्रवार को कूनो नेशनल पार्क में बोत्सवाना से लाये जा रहे चीतो की शिफ्टिंग व्यवस्था का जायजा लिया गया। इस अवसर पर जिलाधीश अर्पित वर्मा, पुलिस अधीक्षक सुधीर अग्रवाल, डीएफओ आर थिरूकुराल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

चीतों के बाड़ों की देखी व्यवस्था, हेलीपेड का किया निरीक्षण

संभागायुक्त ने कूनो नेशनल पार्क पहुंचकर चीतों के लिए बनाये गये बाडे तथा अन्य व्यवस्थाओं के संबंध में जायजा लेते हुए जिलाधीश से चर्चा की एवं संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। इस दौरान उन्होंने चीतों को लेकर आने वाले हैलीकॉप्टर की लैडिंग के लिए बनाये गये हैलीपेड का अवलोकन भी किया। इसके साथ ही मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव एवं केन्द्रीय मंत्री भूपेन्द्र यादव के आगमन को लेकर तैयारियों का जायजा भी लिया गया।

ग्वालियर से वायुसेना के हेलीकॉप्टरों में आयेंगे चीता

जानकारी के अनुसार बोत्सवाना से वायुयान द्वारा लाये जा रहे चीते 28 फरवरी की सुबह ग्वालियर एयपोर्ट पहुंचेंगे, जहां से उन्हें भारतीय वायुसेना के हैलीकॉप्टर्स से कूनो नेशनल पार्क में एयरलिफ्ट किया जायेगा। इन चीतों में 6 मादा और 2 नर चीते शामिल है। बोत्सवाना से 8 चीते आने के बाद भारत में चीतों की कुल संख्या 47 हो जायेगी, जिनमें 44 कूनो नेशनल पार्क में और 3 गांधी सागर अभ्यारण में है।

भारत में चीतों की वर्तमान स्थिति

भारत में वर्तमान में कुल चीतों की संख्या 39 है। 36 कूनो नेशनल पार्क में, 3 गांधी सागर अभयारण्य में 17 सितंबर 2022 को लाए गए 8 नामीबियाई चीतों में से 3 स्थापित हैं तथा उनके 17 भारतीय जन्मे शावकों सहित कुल नामीबियाई मूल की स्थापित आबादी 20 हो गई है। 18 फरवरी 2023 को लाए गए 12 दक्षिण अफ्रीकी चीतों में से 8 स्थापित हैं तथा उनके 11 भारतीय जन्मे शावकों सहित कुल दक्षिण अफ्रीकी मूल की स्थापित आबादी 19 हो गई है। इनमें से 16 कूनो में एवं 3 गांधी सागर में हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत वैष्‍णव