खाचरौद क्षेत्र को बड़ी सौगात, मुख्यमंत्री मजरा टोला योजना में 22 सड़कों को मिली मंजूरी
खाचरौद, 26 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले के खाचरोद विधानसभा क्षेत्र में ग्रामीण सड़क नेटवर्क को मजबूत करने की दिशा में बड़ी पहल करते हुए मुख्यमंत्री मजरा टोला योजना अंतर्गत 22 नई सड़कों को स्वीकृति प्रदान की गई है। लगभग 22 करोड़ रुपये लागत की इन परियोजनाओं से क्षेत्र के गांवों और नई आबादियों को बेहतर आवागमन सुविधा मिल सकेगी।
जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री मोहन यादव तथा ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद पटेल की अनुशंसा पर इन सड़कों को मंजूरी मिली है। लंबे समय से ग्रामीण इन मार्गों के निर्माण की मांग कर रहे थे। स्वीकृति की खबर मिलते ही क्षेत्र में खुशी का माहौल देखा गया।
इन सड़कों के निर्माण से विद्यार्थियों, किसानों, व्यापारियों और आम नागरिकों को आवागमन में राहत मिलेगी। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों के सामाजिक और आर्थिक विकास को भी गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
योजना के अंतर्गत अजीमाबाद पारदी से अमलावदिया जूनार्दा, कुम्हारवाड़ी से सरवना, कुम्हारवाड़ी से सिपाहेड़ा, उचाहेड़ा नई आबादी, ब्राह्मणखेड़ी कला, नीनावट खेड़ा नई आबादी, पाडल्या खुर्द नई आबादी, पाड़सूतिया नई आबादी, उमरनी नई आबादी, चक नारायणगढ़, टीटी नगर, अमलावदिया नई आबादी, पानखेड़ी, उमरना, भाटखेड़ी नई आबादी, टुमनी, संडावदा नई आबादी, चापानेर नई आबादी, घुड़ावन नई आबादी और बरथुन नई आबादी सहित कई गांवों को जोड़ने वाले मार्ग विकसित किए जाएंगे।
क्षेत्रीय विधायक डॉ. तेज बहादुर सिंह चौहान ने मंगलवार को बताया कि सड़क निर्माण कार्य जल्द प्रारंभ किया जाएगा और निर्धारित समय सीमा में कार्य पूर्ण कराने का प्रयास रहेगा। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से ग्रामीण क्षेत्रों में विकास को नई गति मिलेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / Ravindra singh Raghuvanshi