राजगढ़ः कृषक सम्मेलन आयोजित, वैज्ञानिकों ने कृषि सखियों को दी विस्तृत जानकारी
राजगढ़, 25 दिसम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में प्राकृतिक खेती के समग्र विकास हेतु गुरुवार को राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय के कृषि विज्ञान केन्द्र में कृषक सम्मलेन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में तकनीकी सत्र में वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख डाॅ.सुरेन्द्रकुमार कौशिक द्वारा कृषि सखियों को प्राकृतिक खेती के घटक और सावधानियों के बारे में विस्तारपूर्वक बताया, फसलों में सम- समायिक समस्याओं की पहचान और उनके निदान के बारे में भी परिचर्चा की गई।
कार्यक्रम की शुरुआत उप संचालक कृषि सचिन जैन के स्वागत भाषण के साथ की गई। सम्मेलन में नरवाई प्रबंधन, जल प्रबंधन एवं उर्वरकों के संतुलित उपयोग की सलाह दी गई। इस मौके पर सहायक संचालक कृषि प्रहलादसिंह बारेला ने प्राकृतिक खेती के उत्पाद योजना और बाजारीकरण पर चर्चा की। एनएफएसएमडीसी रमाशंकर पावक ने प्रचार-प्रसार कार्यक्रम में भागीदारी के महत्व पर विचार रखे। कार्यक्रम में रमेश मेरोठा ग्राम घोघटपुर जीरापुर प्रगतिशील जैविक कृषि ने प्राकृतिक उत्पाद अमरुद पर अपना अनुभव साझा किया। कार्यक्रम के दौरान कृषि सखियों ने प्राकृतिक खेती मक्का जैसी फसल में कम उत्पादकता पर वैज्ञानिकों से समाधान प्राप्त किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डाॅ. मोहन यादव का प्राकृतिक खेती की योजना एवं क्रियान्वयन पर संबोधन सुनाया गया वहीं कार्यक्रम के मुख्य अतिथि गृहमंत्री अमित शाह का कृषकों के हितार्थ प्राकृतिक खेती के माध्यम से आमदनी को बढ़ाने की योजना एवं क्रियान्वयन पर संबोधन को सुनाया गया। कार्यक्रम में कृषि विस्तार अधिकारी पदमाकर सगर ने आभार व्यक्त किया साथ ही कृषि सखियों ने इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजन की सराहना की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक