राजगढ़ः किसानों ने समस्याओं को लेकर नारेबाजी करते हुए जताई नाराजगी, रैली निकालकर पहुंचे कलेक्ट्रेट
राजगढ़, 05 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में भारतीय किसान संघ ने 47 वां स्थापना दिवस गुरुवार को खुजनेर रोड़ स्थित कृषि उपज मंडी में मनाया। इस अवसर पर आयोजित बैठक में किसानों ने फसल बीमा पंजीयन तारीख बढ़ाने, बिजली बिल कम करने की मांग सहित अन्य विभिन्न समस्याओं को लेकर नारेबाजी करते हुए नाराजगी व्यक्त की।
बैठक के बाद आक्रोशित किसानों ने ट्रेक्टरों पर सवार होकर रैली निकाली, जो कृषि मंडी से शुरु होकर विभिन्न मार्गों से होते हुए कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंची, जहां ज्ञापन लेने में देरी होने पर किसानों ने सुंदरकांड का पाठ किया। किसानों का कहना है कि बिजली के बढ़ते बिलों से किसान और घरेलू उपभोक्ता दोनों परेशान है, बिना जानकारी दिए किसानों के पंप कनेक्शन का भार बढ़ा दिया गया है, जिससे बिजली बिल ज्यादा आ रहे हैं।
किसानों ने मोहनपुरा-कुंडालिया डेम सिंचाई परियोजना को लेकर नाराजगी जताते हुए कहा कि अधिकारियों की लापरवाही के कारण आउटलेट तक पानी नही पहुंच रहा है, जिससे सिंचाई प्रभावित हो रही है और फसलों को नुकसान हो रहा है। किसानों का कहना है कि सोयाबीन फसल की राहत राशि तो जारी कर दी गई है, लेकिन अब तक फसल बीमा की राशि किसानों को नही मिली है। फसलों की खरीद के लिए पंजीयन की अंतिम तिथि 7 मार्च निर्धारित की गई है, जिसे बढ़ाकर 30 मार्च किए जाने की मांग की गई है। किसानों ने सरकार से गेहूं की खरीद 2700 रुपये प्रति क्विंटल करने के वादे को पूरा करने की मांग की है। इसके अलावा सूर्य कुसुम सोलर कृषक योजना के तहत दो साल पहले आवेदन और डीडी जमा करने के बावजूद अब तक योजना का लाभ नही मिलने पर किसानों ने नाराजगी जताई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक