राजगढ़ः गेहूं खरीदी अव्यवस्थाओं के खिलाफ किसानों ने निकाली ट्रैक्टर रैली, एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
राजगढ़, 28 अप्रैल(हि.स.)। जिले के नरसिंहगढ़ क्षेत्र में गेहूं खरीदी व्यवस्था में आ रही समस्याओं को लेकर किसानों का आक्रोश सामने आया। मंगलवार को जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में “किसान न्याय यात्रा” के तहत सैकड़ों किसानों ने विशाल ट्रैक्टर रैली निकालकर प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। किसान नेता ज्ञानसिंह मीना के नेतृत्व में आयोजित इस रैली में क्षेत्र के बड़ी संख्या में किसान अपने-अपने ट्रैक्टर लेकर शामिल हुए।
रैली की शुरुआत मारुतिनंदन मंदिर के पास से हुई, जो नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए एसडीएम कार्यालय पहुंची। यहां किसानों ने जोरदार नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को लेकर विरोध दर्ज कराया। किसानों ने आरोप लगाया कि गेहूं खरीदी केंद्रों पर पंजीयन में लगातार दिक्कतें आ रही हैं। बार-बार सर्वर डाउन होने और प्रशासनिक उदासीनता के कारण उन्हें परेशान होना पड़ रहा है। समय पर फसल की खरीदी और भुगतान न होने से किसानों को आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है। प्रदर्शन के बाद किसानों ने एसडीएम को राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में खरीदी प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने, समय पर भुगतान सुनिश्चित करने और केंद्रों पर हो रही अनियमितताओं व भ्रष्टाचार पर रोक लगाने की मांग की गई। इस दौरान ब्लॉक अध्यक्ष देवेन्द्र सिंह, जिला पंचायत उपाध्यक्ष पर्वत सिंह, गोविंद गुर्जर, प्रेम किशोर, वीरेन्द्र गुर्जर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और किसान उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक