सागरः खुरई में तीन दिवसीय भव्य 'डोहेला महोत्सव' आज से
सागर, 05 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर जिले के खुरई में तीन दिवसीय भव्य 'खुरई महोत्सव 2026' (डोहेला महोत्सव) की आज रविवार शाम को शुरू होने जा रहा है। आगामी 7 अप्रैल तक चलने वाले इस महोत्सव का आयोजन स्थानीय किला परिसर मैदान में किया जाएगा।
नगर पालिका परिषद खुरई के तत्वावधान में आयोजित यह महोत्सव धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक आधुनिकता का एक अद्भुत संगम होगा। कार्यक्रम के तीनों दिन देश के ख्यातिलब्ध कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। इनमें पहले दिन सुप्रसिद्ध सूफी और बॉलीवुड गायक कैलाश खेर अपनी आवाज का जादू बिखेरेंगे। वहीं, दूसरे दिन 6 अप्रैल युवाओं की पसंदीदा सिंगर अकासा सिंह मंच पर जलवा बिखेरेंगी, जबकि 7 अप्रैल को मशहूर प्लेबैक सिंगर नीरज श्रीधर (बॉम्बे वाइकिंग्स फेम) अपनी हिट परफॉर्मेंस से महोत्सव का समापन करेंगे। इस गरिमामयी अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष नन्ही बाई अहिरवार, उपाध्यक्ष राहुल चौधरी एवं अन्य जनप्रतिनिधि विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।
डोहेला महोत्सव का आधार खुरई का ऐतिहासिक डोहेला मंदिर है। सन् 1752 में पेशवा काल के दौरान निर्मित इस मंदिर की पहचान भगवान विष्णु के उस दुर्लभ विग्रह से है, जिसके बारे में कहा जाता है कि ऐसी प्रतिमा पूरे विश्व में केवल दो स्थानों पर है—एक बद्रीनाथ धाम में और दूसरी खुरई में। एक ही पत्थर से निर्मित इस प्रतिमा में भगवान विष्णु के साथ अन्य देवी-देवताओं को बेहद बारीकी से उकेरा गया है। मंदिर परिसर में एक प्राचीन शिवलिंग भी स्थापित है, जो श्रद्धालुओं की अटूट आस्था का केंद्र है।
पूर्व मंत्री एवं वर्तमान खुरई विधायक भूपेंद्र सिंह के प्रयासों से सन् 2014 में इस महोत्सव की विधिवत शुरुआत हुई थी। उन्होंने न केवल किले और मंदिर के जीर्णोद्धार का बीड़ा उठाया, बल्कि इस स्थानीय आयोजन को प्रदेश स्तरीय पहचान दिलाई। आमतौर पर यह महोत्सव मकर संक्रांति पर आयोजित होता है, लेकिन अत्यधिक ठंड के कारण जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए इसे अब अप्रैल माह में आयोजित कराने का निर्णय लिया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे