राजगढ़ः खेत में मिला शिकार निगले बैठा विशाल अजगर,पुलिस-वन विभाग ने किया रेस्क्यू
राजगढ़, 30 जून (हि.स.)। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के करनवास थाना क्षेत्र के ग्राम पनाली में मंगलवार को नदी किनारे स्थित खेत में एक विशाल अजगर मिलने से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। अजगर ने किसी जानवर का शिकार निगल रखा था, जिससे उसका पेट काफी फूल गया था और वह सामान्य रूप से चल-फिर भी नहीं पा रहा था। ग्रामीणों की सतर्कता से समय रहते पुलिस और वन विभाग को सूचना दी गई, जिसके बाद सुरक्षित रेस्क्यू अभियान चलाकर अजगर को कब्जे में लिया गया।
ग्रामीणों ने बताया कि सुबह खेत की ओर जाते समय नदी किनारे विशालकाय अजगर दिखाई दिया। पहले तो लोग घबरा गए, लेकिन किसी ने उसे नुकसान पहुंचाने की बजाय तुरंत करनवास थाना और वन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही करनवास और देहात ब्यावरा थाना पुलिस के साथ वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस, वन विभाग और ग्रामीणों के संयुक्त प्रयास से सावधानीपूर्वक अजगर का रेस्क्यू किया गया। उसे विशेष बोरे में सुरक्षित रखकर वन विभाग की टीम अपने साथ ब्यावरा वन कार्यालय ले गई। रेस्क्यू के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर मौजूद रहे और पूरे अभियान को देखते रहे।
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि प्राथमिक परीक्षण में अजगर पूरी तरह सुरक्षित मिला है। आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद उसे उसके प्राकृतिक आवास यानी अभयारण्य में छोड़ दिया जाएगा। वन विभाग ने बताया कि बारिश के मौसम में नदी- नालों और जंगल से लगे क्षेत्रों में सांप और अजगर भोजन तथा सुरक्षित ठिकाने की तलाश में खेतों और आबादी के आसपास पहुंच जाते हैं। विभाग ने लोगों से अपील की है कि ऐसे वन्यजीव दिखाई देने पर उन्हें नुकसान न पहुंचाएं, बल्कि तुरंत वन विभाग को सूचना दें, ताकि सुरक्षित रेस्क्यू किया जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक