खरगोन में सरपंच पति 8 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार
खरगोन, 27 अप्रैल (हि.स.)। लोकायुक्त संगठन की इंदौर टीम ने सोमवार को खरगाेन जिले की ग्राम पंचायत भोमवाड़ा में सरपंच के पति को 8 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। इस मामले में पंचायत सचिव की भूमिका भी सामने आई है, जिसे सह-आरोपी बनाया गया है।
जानकारी के मुताबिक, ग्राम भोगवाड़ा निवासी कविता यादव ने लाेकायुक्त काे शिकायत दर्ज कराई थी। जिसमें उसने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत स्वीकृत राशि की अगली किश्त जारी करने के लिए पंचायत सचिव जितेंद्र सिंह पंवार और सरपंच पति चिंताराम भोमारे 8 हजार रुपये की मांग कर रहे थे। आवेदिका को योजना के तहत कुल 1.25 लाख रुपये मंजूर हुए थे, जिसमें से 25 हजार और 40 हजार रुपये की दो किश्तें पहले ही मिल चुकी थीं। शेष 65 हजार रुपये जारी करने के एवज में आरोपियों ने घूस की मांग की। शिकायत के सत्यापन के बाद लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में ट्रैप दल गठित किया गया। कार्रवाई के दौरान सरपंच पति चिंताराम भोमारे को आवेदिका से 8 हजार रुपये लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया गया। मौके पर मौजूद पंचायत सचिव को भी मामले में आरोपी बनाया गया है।
दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण संशोधन अधिनियम 2018 की धारा 7 और बीएनएस 2023 की धारा 61(2) के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है। इस कार्रवाई में उप पुलिस अधीक्षक आनंद चौहान सहित लोकायुक्त टीम शामिल रही। लोकायुक्त संगठन ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई अधिकारी या कर्मचारी किसी भी कार्य के बदले रिश्वत की मांग करता है, तो तुरंत शिकायत करें, ताकि ऐसे भ्रष्टाचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे