खरगोनः युवा संगम में खुले रोजगार के नए अवसर, 174 युवाओं का प्राथमिक चयन
खरगोन, 05 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के खरगोन जिले में कलेक्टर भव्या मित्तल के मार्गदर्शन में मंगलवार को शासकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय में युवा संगम कार्यक्रम अंतर्गत जिला स्तरीय संयुक्त रोजगार, स्व-रोजगार एवं अप्रेंटिसशिप मेला आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य जिले के युवाओं को रोजगार के अधिकतम अवसर उपलब्ध कराना रहा।
जनसम्पर्क अधिकारी प्रकाश ठाकुर ने बताया कि युवा संगम रोजगार मेले में विभिन्न निजी कंपनियों द्वारा सहभागिता करते हुए कुल 174 युवाओं का रोजगार के लिए प्राथमिक स्तर पर चयन किया गया। साथ ही जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र द्वारा उद्योग स्थापना के लिए उपलब्ध स्वरोजगार योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। आरसेटी खरगोन द्वारा युवाओं को निःशुल्क आवासीय प्रशिक्षण के अवसरों से अवगत कराया गया।
कार्यक्रम के दौरान सामाजिक न्याय विभाग द्वारा युवाओं को नशा मुक्ति के प्रति जागरूक करते हुए नशा त्याग की शपथ भी दिलाई गई। इस अवसर पर जिला रोजगार कार्यालय, शासकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज एवं आईटीआई खरगोन के अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर