खरगोन में स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल, प्रसव पीड़ा से तड़पती महिला ने अस्पताल गेट पर दिया बच्चे को जन्म, तीन को नोटिस

 


खरगोन, 25 फ़रवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के खरगोन जिले के झिरन्या ब्लॉक स्थित आभापुरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में बुधवार सुबह एक गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया। परिजनों के अनुसार प्रसव पीड़ा से तड़प रही गर्भवती महिला को जब सुबह करीब 6 बजे अस्पताल लाया गया, तो केंद्र बंद मिला। मजबूरन महिला का प्रसव अस्पताल के गेट पर ही कराना पड़ा।

परिजन रवींद्र भूरिया ने आरोप लगाया कि स्वास्थ्य केंद्र पहुंचने पर वहां कोई डॉक्टर, नर्स या अन्य स्वास्थ्य कर्मी मौजूद नहीं था। समय पर उपचार नहीं मिलने से महिला की प्रसव पीड़ा बढ़ती गई और हालात ऐसे बने कि अस्पताल परिसर के बाहर ही प्रसव कराना पड़ा। स्थानीय लोगों की मदद से कुछ देर बाद जच्चा और नवजात को संभाला गया। घटना से आक्रोशित परिजनों ने स्वास्थ्य विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि यदि समय पर स्टाफ उपलब्ध होता तो महिला को सुरक्षित तरीके से अंदर भर्ती कर प्रसव कराया जा सकता था। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदारों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

अधिकारियों की सफाई

जिले के सीएमएचओ डॉ. डी.एस. चौहान ने बताया कि उन्हें स्वास्थ्य केंद्र के बाहर प्रसव की सूचना मिली है। उनके अनुसार महिला को तेज प्रसव पीड़ा थी और परिजन उसे समय पर अस्पताल नहीं पहुंचा सके। उन्होंने यह भी कहा कि जच्चा और बच्चा दोनों स्वस्थ हैं और उनकी देखरेख की जा रही है।

डॉक्टर सहित तीन कर्मचारियों को नोटिस

ड्यूटी में लापरवाही के आरोपों के बाद खंड चिकित्सा अधिकारी ने डॉ. साक्षी सोनी, एएनएम अनुपर्णा चौहान और रजनी भलाराय को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। तीनों से एक दिन के भीतर स्पष्टीकरण मांगा गया है।

चार सदस्यीय जांच टीम गठित

सीएमएचओ डॉ. देवेंद्र सिंह चौहान के निर्देश पर पूरे मामले की जांच के लिए चार सदस्यीय टीम गठित की गई है। जांच अधिकारी के रूप में डॉ. चंद्रजीत सांवले (जिला स्वास्थ्य अधिकारी-1 एवं जिला मातृ-शिशु स्वास्थ्य अधिकारी) को नियुक्त किया गया है। टीम में डॉ. दीपक शास्त्रे (विकासखंड चिकित्सा अधिकारी, झिरन्या), डॉ. लखन अखाड़े (स्त्री रोग विशेषज्ञ, जिला चिकित्सालय खरगोन) और विजेंद्र श्रीवास्तव (सहायक ग्रेड-3) को शामिल किया गया है। जांच दल को तत्काल रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे