खरगोन में बीईओ दो हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार
खरगोन, 25 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के खरगोन जिले में लोकायुक्त पुलिस ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए झिरन्या ब्लॉक के ब्लॉक एजुकेशन ऑफिसर (बीईओ) प्रभात परमार्थी को दो हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी अधिकारी अतिथि शिक्षक के लंबित वेतन अनुमोदन के बदले रिश्वत मांग रहा था।
यह कार्रवाई लोकायुक्त इंदौर की टीम ने महानिदेशक योगेश देशमुख के निर्देश पर की। जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता सुभाष बर्डे, निवासी अनकवाड़ी (तहसील भगवानपुरा) ने लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक राजेश सहाय को दी शिकायत में बताया कि उनकी पत्नी सेवंती बर्डे शासकीय प्राथमिक विद्यालय में अतिथि शिक्षक हैं। उनका नवंबर 2025 का वेतन अनुमोदन लंबित था। आरोप है कि बीईओ प्रभात परमार्थी ने वेतन जारी कराने के बदले 2 हजार रुपये की मांग की थी।
घर पर बुलाकर ली रिश्वत, टीम ने दबोचा
शिकायत का सत्यापन करने के बाद शनिवार को लोकायुक्त ने ट्रैप टीम गठित की। आरोपी ने शिकायतकर्ता को अपने ज्योति नगर स्थित निवास पर बुलाया। जैसे ही उसने रिश्वत की राशि ली, टीम ने मौके पर ही उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 2018 की धारा 7 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। कार्रवाई में उप पुलिस अधीक्षक सुनील तालान सहित आरक्षक आशीष शुक्ला, रामेश्वर निगवाल, चंद्रमोहन बिष्ट, अनिल परमार और आशीष आर्य शामिल रहे।
लोकायुक्त की अपील
लोकायुक्त ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई अधिकारी या कर्मचारी रिश्वत की मांग करता है, तो इसकी तुरंत शिकायत करें, ताकि ऐसे भ्रष्टाचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे