खंडवा में श्रद्धालुओं से भरी टवेरा को ट्रक ने मारी टक्कर, महिला की मौत, बच्चे समेत कई घायल
खंडवा, 24 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के खंडवा जिले में इंदिरा सागर बांध के सामने जगमूर्ति सेतु के पास शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसे में श्रद्धालुओं से भरी टवेरा वाहन को राखड़ (फ्लाई ऐश) से लदे तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि बच्चे समेत कई श्रद्धालु घायल हो गए। इनमें चार की हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जोरदार थी कि टवेरा ट्रक के नीचे फंस गई और वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चलाकर वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकाला। चालक को भी दरवाजा तोड़कर सुरक्षित निकाला गया। घायलों को पहले इंदिरा सागर बांध स्थित अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी को पुनासा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रेफर किया गया। गंभीर रूप से घायल एक मासूम बच्चे और एक महिला को जिला अस्पताल, खंडवा भेजा गया। उपचार के दौरान महिला ने दम तोड़ दिया, जबकि बच्चे का आईसीयू में इलाज जारी है।
धार्मिक यात्रा के दौरान हुआ हादसा
परिजनों के अनुसार, सभी श्रद्धालु उत्तर प्रदेश के वाराणसी (बनारस) के निवासी हैं और धार्मिक यात्रा पर मध्यप्रदेश आए थे। वे पहले उज्जैन में महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन करने के बाद ओंकारेश्वर पहुंचे, जहां दर्शन एवं नर्मदा स्नान किया। इसके बाद परिवार सीहोर स्थित कुबेरेश्वर धाम जा रहा था। रास्ते में इंदिरा सागर बांध का दृश्य देखकर परिवार जगमूर्ति सेतु के पास कुछ देर रुका और फोटो तथा सेल्फी लेने के बाद जैसे ही टवेरा आगे बढ़ी, सामने से आए ट्रक ने उसे टक्कर मार दी। हादसे के समय टवेरा में बृजलाल, कन्हैयालाल, ममता देवी, रीना देवी, कलावती, तूलिका, अमित, गरिमा, ईशान, आरोही और संजय प्रसाद सहित बनारस निवासी श्रद्धालु सवार थे। सभी घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
ट्रक चालक ने बताया- ब्रेक फेल होने से हुआ हादसा
सूचना मिलते ही नर्मदानगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात बहाल कराया। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है। प्रारंभिक पूछताछ में ट्रक चालक ने दावा किया कि वाहन के ब्रेक फेल होने से ट्रक अनियंत्रित हो गया और हादसा हुआ। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। मृतका के शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया जारी है, जबकि घायलों का उपचार विभिन्न अस्पतालों में चल रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे