खंडवा: जंगल में 200 एकड़ वनभूमि खाली कराने 30 जेसीबी और 600 अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ पहुंची टीम

 




एक दिन पहले हमले में 8 वनकर्मी हुए थे घायल

खंडवा, 29 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के खंडवा जिले में आमाखुजरी जंगल में वनभूमि पर दोबारा हुए अतिक्रमण को हटाने के लिए सोमवार सुबह प्रशासन ने बड़े स्तर पर अभियान शुरू किया। वन, राजस्व और पुलिस विभाग के करीब 600 अधिकारी-कर्मचारी सुबह 7 बजे से 30 जेसीबी मशीनों के साथ कार्रवाई में जुटे हैं। अभियान के दौरान जंगल के विभिन्न हिस्सों में पुलिस बल तैनात किया गया है। मौके पर डीएफओ राकेश कुमार डामोर और एडिशनल एसपी महेंद्र तारणेकर मौजूद हैं, जबकि कलेक्टर ऋषभ गुप्ता और एसपी अगम जैन भी कार्रवाई का जायजा लेने पहुंचे।

सबसे पहले 13 झोपड़ियां ढहाईं

कार्रवाई की शुरुआत अतिक्रमणकारियों द्वारा बनाई गई 13 झोपड़ियों को हटाने से हुई। इन्हीं झोपड़ियों में रहकर जंगल की जमीन साफ कर खेती की तैयारी की गई थी। इसके बाद जेसीबी मशीनों से बड़े-बड़े कंटूर खोदे जा रहे हैं, ताकि भविष्य में दोबारा खेती या अतिक्रमण न हो सके।

यह कार्रवाई एक दिन पहले रविवार को वन अमले पर हुए हिंसक हमले के अगले दिन शुरू की गई है। अतिक्रमण रोकने पहुंची वन विभाग की टीम पर करीब 400 अतिक्रमणकारियों ने महिलाओं को आगे कर गोफन और पत्थरों से हमला कर दिया था। लाठियों से किए गए हमले में 8 वनकर्मी घायल हो गए थे, जिनका जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है।

पहले हटाया था कब्जा, फिर 200 एकड़ पर दोबारा अतिक्रमण

वन विभाग के अनुसार इसी वर्ष आमाखुजरी जंगल की करीब 500 एकड़ भूमि से अतिक्रमण हटाकर सुरक्षा के लिए बड़े-बड़े कंटूर (खाइयां) खोदे गए थे। इसके बावजूद अतिक्रमणकारियों ने लगभग 200 एकड़ वनभूमि पर दोबारा कब्जा कर मक्के की बुआई कर दी। डीएफओ राकेश कुमार डामोर ने बताया कि पथराव और हमले की घटना के बाद 9 आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

30 प्रतिशत अतिक्रमण हटाया

एडिशनल एसपी महेंद्र तारणेकर ने बताया कि पुलिस के 14 अधिकारियों, 200 जवानों और 400 वनकर्मियों की संयुक्त टीम कार्रवाई में लगी है। सुबह नमी के कारण कुछ दिक्कत आई, लेकिन अब तक करीब 30 प्रतिशत अतिक्रमण हटाया जा चुका है। फिलहाल मौके पर स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और किसी प्रकार का विरोध नहीं हो रहा है।

बाइक फिसलने से वनरक्षक घायल

इधर, कार्रवाई में शामिल होने जा रहे खालवा रेंज के वनरक्षक पंकज पोरवाल गुड़ी के पास बाइक फिसलने से गंभीर रूप से घायल हो गए। सिर में गंभीर चोट आने पर उन्हें जिला अस्पताल से इंदौर रेफर किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे