खंडवा में 40 लोगों से भरा तेज रफ्तार आयशर ट्रक अनियंत्रित हाेकर पलटा, एक की मौत, 36 घायल
खंडवा, 10 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के खंडवा जिले के मूंदी-सनावद हाईवे पर शुक्रवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। यहां 40 लोगों से भरा तेज रफ्तार आयशर ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया, जिसमें एक बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि 36 लोग घायल हो गए। घायलों में 14 की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें इंदौर रेफर किया गया है।
जानकारी अनुसार यह हादसा पुनासा चौकी क्षेत्र के डूडगांव के पास हुआ। मृतक की पहचान 60 वर्षीय बाबूलाल, निवासी तलवड़िया गांव, के रूप में हुई है। सभी लोग मामेरा कार्यक्रम में शामिल होकर लौट रहे थे, लेकिन खुशी का सफर अचानक मातम में बदल गया। घायल 16 वर्षीय मानव केवट के मुताबिक, हादसे के वक्त दो ट्रक आपस में रेस लगा रहे थे। इसी दौरान ओवरटेक की कोशिश में ट्रक दूसरे वाहन से टकरा गया। टक्कर के बाद संतुलन बिगड़ा और वाहन सड़क से नीचे उतरकर करीब 25-30 फीट दूर पलट गया।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। कई लोग ट्रक के नीचे दब गए और मदद के लिए चीखते-चिल्लाते रहे। आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को निजी वाहनों और एंबुलेंस की मदद से पहले सनावद और फिर जिला अस्पताल पहुंचाया गया। कई घायलों के सिर फूट गए, तो कई के हाथ-पैर टूट गए हैं। गंभीर घायलों को बाद में इंदौर के एमवाय अस्पताल रेफर किया गया।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह ओवरलोडिंग, तेज रफ्तार और लापरवाही सामने आ रही है। चालक की स्थिति और वाहन की तकनीकी जांच भी की जा रही है। मृतक का शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना के बाद तलवड़िया गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे