सागर: स्कूल भवन नहीं तो पेड़ के नीचे पढ़ने को मजबूर बच्चे! केसली ब्लॉक में शिक्षा की बदहाल तस्वीर
सागर, 28 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर जिले के केसली विकासखंड से ऐसी तस्वीरें सामने आई हैं, जो सिस्टम पर बड़े सवाल खड़े करती हैं। यहाँ के दो गांवों में पिछले दो साल से सरकारी स्कूल का भवन ही नहीं है, जिसके चलते नौनिहालों का भविष्य अधर में लटका हुआ है।
केसली ब्लॉक के ग्राम टेकापार में पिछले दो वर्षों से शासकीय स्कूल की अपनी कोई इमारत नहीं है। हालात इतने बदतर हैं कि बच्चों को खुले आसमान के नीचे, कभी पेड़ की छांव में बैठाकर पढ़ाया जाता है, तो कभी बारिश या खराब मौसम होने पर किसी ग्रामीण के घर में शरण लेकर क्लास लगानी पड़ती है। तो कभी मंदिर में कक्षाएं लगाई जाती हैं। खुद स्कूल के शिक्षक भी मानते हैं कि भवन न होने के कारण बच्चों को पढ़ाना और स्कूल का संचालन करना किसी बड़ी चुनौती से कम नहीं है।
कुछ ऐसी ही तस्वीर केसली विकासखंड के ही ग्राम कुलडोंगरी से भी सामने आई है। यहाँ भी सरकारी स्कूल भवन न होने के कारण ग्राम पंचायत के एक अतिरिक्त कक्ष में स्कूल चलाया जा रहा है। हैरानी की बात यह है कि महज 10 बाय 15 फीट के एक बेहद छोटे से कमरे में पहली से लेकर पांचवीं तक की सभी कक्षाएं एक साथ संचालित हो रही हैं।
एक तरफ सरकार आदिवासी अंचलों के बच्चों को बेहतर शिक्षा और सुविधाएं देने के बड़े-बड़े मंचों से वादे करती है, वहीं दूसरी तरफ टेकापार और कुलडोंगरी के इन बच्चों को बैठने के लिए एक सुरक्षित छत तक नसीब नहीं हो पा रही।
एसडीएम केसली, राजनंदनी शर्मा का कहना है कि उन्हें इस स्थिति की जानकारी नहीं थी। वह मौके पर जाकर निरीक्षण करेंगी।
केसली बीआरसीसी, राजकुमार अहिरवार ने बताया कि तत्कालीन कलेक्टर दीपक आर्य के आदेशानुसार जुलाई 2024 में टेकापार और कुलडोंगरी के क्षतिग्रस्त स्कूल भवनों को डिस्मेंटल कराया गया था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे