सत्य निकेतन इमारत हादसे में कटनी के छात्र अक्षत यादव की मौत, घर में पसरा मातम

 


कटनी, 07 सितंबर (हि.स.)। दिल्ली विश्वविद्यालय के दक्षिणी परिसर स्थित सत्य निकेतन में रविवार को हुए इमारत हादसे में कटनी के 19 वर्षीय छात्र अक्षत यादव की भी मौत हो गई। अक्षत दुबे कॉलोनी का निवासी था और दिल्ली में रहकर दिल्ली विश्वविद्यालय से बीकॉम की पढ़ाई कर रहा था। हादसे में उसकी मौत की सूचना मिलते ही कटनी स्थित घर में कोहराम मच गया। स्वजन और पड़ोसी शोक में डूब गए तथा परिजन शव को गृह नगर लाने के लिए दिल्ली रवाना हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सत्य निकेतन में करीब 40 वर्ष पुरानी इमारत अचानक ढह गई थी। हादसे के समय अक्षत भी वहां मौजूद था और मलबे की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। राहत एवं बचाव दल ने उसे मलबे से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों के प्रयासों के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।

मलबे से निकाले गए मृतकों की पहचान की प्रक्रिया के दौरान अक्षत यादव के शव की भी पुष्टि हुई। इस हादसे में अब तक छह लोगों की मौत होने की जानकारी सामने आई है।

अक्षत की असामयिक मौत की सूचना जैसे ही दुबे कॉलोनी स्थित उसके घर पहुंची, बड़ी संख्या में रिश्तेदार और आसपास के लोग वहां एकत्र हो गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पड़ोसियों के अनुसार, अक्षत पढ़ाई में होनहार था और उच्च शिक्षा पूरी कर बेहतर भविष्य बनाने के उद्देश्य से दिल्ली में रह रहा था।

कम उम्र में हुए इस हादसे ने परिवार के सपनों को झकझोर कर रख दिया है। पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। स्वजन दिल्ली पहुंच चुके हैं और अक्षत के शव को कटनी लाने की प्रक्रिया में जुटे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश चतुर्वेदी