कटनी में एनएच-43 पर ट्रक ने बाइक को मारी टक्कर, दो युवकों की मौत, एक गंभीर
कटनी, 19 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के कटनी जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर बड़वारा थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना नायरा पेट्रोल पंप के पास हुई। पुलिस ने ट्रक जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, शनिवार दोपहर करीब 1 बजे तीन युवक एक बाइक से कटनी की ओर से अपने गांव कोड़िया, थाना चंदिया, जिला उमरिया लौट रहे थे। वे बड़वारा थाना क्षेत्र में नायरा पेट्रोल पंप के पास पहुंचे ही थे कि उमरिया की ओर से कटनी आ रहे ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक ट्रक के गलत लेन में आने से यह दुर्घटना हुई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार तीनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे में राममिलन नापित (45), निवासी ग्राम कोड़िया, थाना चंदिया, जिला उमरिया और रामसुजान नापित (40), निवासी ग्राम ठितवार, जिला कटनी को गंभीर चोटें आईं। दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं अभिषेक नापित, निवासी ग्राम कोड़िया, जिला उमरिया गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर मौजूद राहगीरों ने डायल-112 को सूचना दी। पुलिस की आपातकालीन टीम ने घायल को तत्काल बड़वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है।
पुलिस ने शवाें काे पोस्टमार्टम के लिए भेजे
सूचना मिलते ही बड़वारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद कुछ समय के लिए मार्ग पर यातायात प्रभावित हुआ, जिसे पुलिस ने मौके पर पहुंचकर व्यवस्थित कराया।
ट्रक जब्त, चालक हिरासत में
बड़वारा थाना प्रभारी सुयेश पांडे ने बताया कि हादसे में दो लोगों की मौत हुई है, जबकि एक घायल का बड़वारा स्वास्थ्य केंद्र में उपचार चल रहा है। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। दुर्घटना में शामिल ट्रक को जब्त कर चालक को हिरासत में लिया गया है। हादसे के कारणों और घटनाक्रम की जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे