कटनी: पति के साथ पुणे जाने की जिद पर विवाद, जिला अस्पताल की निर्माणाधीन इमारत से महिला ने लगाई छलांग
कटनी, 26 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के कटनी जिला अस्पताल परिसर की निर्माणाधीन बहुमंजिला इमारत की चौथी मंजिल से शनिवार को एक महिला ने छलांग लगा दी। पुलिस, अस्पताल स्टाफ और परिजनों ने करीब 30 मिनट तक महिला काे समझाने का प्रयास किया। घटना में महिला को गंभीर चोटें आई हैं। उसे तत्काल अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया, जहां उपचार जारी है।
घायल महिला की पहचान माधवनगर की इंद्रा ज्योति कॉलोनी निवासी 45 वर्षीय दुर्गा वंशकार के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, दुर्गा अपने पति संतोष वंशकार के साथ पुणे जाने की जिद कर रही थी। घर में बच्चों की तबीयत खराब होने के कारण संतोष ने फिलहाल उसे अपने साथ ले जाने से मना किया था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। इसके बाद महिला घर से निकलकर जिला अस्पताल परिसर पहुंची। महिला के निर्माणाधीन भवन की चौथी मंजिल पर पहुंचने की जानकारी मिलने पर पुलिस, अस्पताल स्टाफ और परिजन मौके पर पहुंचे। सभी ने करीब आधे घंटे तक उसे समझाने और सुरक्षित नीचे लाने का प्रयास किया। इसके बावजूद महिला नही मानी और नीचे छलांग लगा दी।
इमरजेंसी वार्ड में भर्ती, हालत स्थिर
घटना के तुरंत बाद अस्पताल परिसर में मौजूद स्वास्थ्यकर्मियों और परिजनों ने महिला को इमरजेंसी वार्ड पहुंचाया। सिविल सर्जन डॉ. यशवंत वर्मा के अनुसार, महिला को प्राथमिक उपचार दिया गया है और फिलहाल उसकी हालत स्थिर है। गिरने से उसकी कमर में गंभीर चोट के साथ शरीर के कई हिस्सों में फ्रैक्चर हुआ है। सिर और दाहिने हाथ में भी चोट बताई गई है। डॉक्टर अंदरूनी चोटों की जांच कर रहे हैं।
पुलिस कर रही मामले की जांच
कोतवाली थाना प्रभारी राखी पांडे ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। पुलिस ने परिजनों से भी जानकारी ली है। थाना प्रभारी के अनुसार, परिजनों ने महिला के पूर्व में भी इस तरह के व्यवहार की जानकारी दी है। पुलिस घटना के कारणों और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे