कमोड से लिपटा बैठा था 10 फीट लंबा अजगर, बाथरूम का दरवाजा खुलते ही उड़ गए होश
सिवनी, 12 सितंबर (हि.स.)। सुबह-सुबह घर के बाथरूम में जाना एक परिवार के लिए उस समय खौफनाक अनुभव बन गया, जब वहां कमोड के पास करीब 10 फीट लंबा अजगर कुंडली मारे बैठा दिखाई दिया। अचानक सामने आए विशालकाय सांप को देखकर परिवार के सदस्यों के होश उड़ गए। उन्होंने किसी तरह खुद को संभाला और अजगर के साथ छेड़छाड़ करने के बजाय तुरंत बाथरूम से बाहर निकलकर दरवाजा बंद कर दिया। इसके बाद स्थानीय सर्प मित्र को सूचना देकर मदद मांगी गई।
मामला मध्य प्रदेश के सिवनी शहर के मोहगांव सड़क क्षेत्र का है। यहां कपड़े की दुकान संचालित करने वाले ठाकुर परिवार के सदस्य सुबह वॉशरूम पहुंचे थे। जैसे ही बाथरूम में मौजूद कमोड के पास उनकी नजर पड़ी, वहां विशालकाय अजगर कुंडली मारे बैठा नजर आया। करीब 10 फीट लंबे अजगर को इतनी नजदीक देखकर परिवार में चीख-पुकार मच गई।
अजगर को देखकर परिवार के सदस्यों ने सूझबूझ का परिचय दिया। उन्होंने उसे पकड़ने या भगाने की कोशिश नहीं की। सभी लोग तत्काल बाथरूम से बाहर निकले और दरवाजा बंद कर दिया, ताकि अजगर घर के दूसरे हिस्से में न पहुंच सके।
इसके बाद परिवार ने स्थानीय सर्प मित्र प्रवीण तिवारी को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने पर उन्होंने मौके पर पहुंचकर अजगर को सुरक्षित तरीके से बाहर निकालने की कार्रवाई शुरू की।
बाथरूम में इतने बड़े अजगर के मिलने की खबर आसपास के क्षेत्र में भी चर्चा का विषय बन गई। परिवार के लिए सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि करीब 10 फीट लंबा अजगर घर के बाथरूम तक कैसे पहुंच गया। अचानक सामने आए इस विशालकाय सांप ने परिवार को कुछ देर के लिए दहशत में डाल दिया।
हालांकि, परिवार ने घबराहट में अजगर को छेड़ने के बजाय बाथरूम का दरवाजा बंद कर दिया और विशेषज्ञ की मदद ली। उनकी इस सतर्कता के कारण किसी तरह की अप्रिय घटना होने से बच गई।
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश चतुर्वेदी