कटनी में लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई बहाली के नाम पर पांच हजार रुपये की रिश्वत लेते लेखपाल गिरफ्तार

 


कटनी, 26 फ़रवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के कटनी जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए लोकायुक्त पुलिस जबलपुर की टीम ने जिला पंचायत कार्यालय की स्थापना शाखा में पदस्थ लेखपाल को पांच हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।

आरोप है कि लेखपाल सत्येंद्र सोनी ने निलंबित ग्राम सचिव आशीष कुमार दुबे की बहाली के लिए फाइल आगे बढ़ाने के बदले 50 हजार रुपये कीमत का वीवो प्रो 70 मोबाइल फोन मांगा था। फरियादी ग्राम सचिव आशीष कुमार दुबे ने बताया कि वर्ष 2024 में ग्राम पंचायत बसाड़ी में पदस्थ रहते हुए उन पर लोकायुक्त की कार्रवाई हुई थी, जिसमें उन्हें सह-आरोपी बनाया गया था। इसके छह महीने बाद उन्हें निलंबित कर दिया गया था। बहाली के लिए उन्होंने मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय में याचिका दायर की थी। न्यायालय ने 30 दिनों के भीतर प्रकरण के निराकरण के निर्देश दिए थे, लेकिन आरोप है कि एक वर्ष तक फाइल लंबित रखी गई और बदले में महंगे मोबाइल की मांग की जाती रही। फरियादी द्वारा असमर्थता जताने पर आरोपी किस्तों में रकम लेने को तैयार हो गया। पहली किस्त पांच हजार रुपये तय हुई थी। 23 फरवरी को शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त ने जाल बिछाया और गुरुवार को राशि लेते ही आरोपी को पकड़ लिया।

गौरतलब है कि कटनी जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ यह नौ दिनों में यह दूसरी बड़ी कार्रवाई है। इससे पहले 17 फरवरी को जल संसाधन विभाग के प्रभारी कार्यपालन यंत्री व्ही.ए. सिद्दीकी को 20,000 रूपये की रिश्वत लेते पकड़ा गया था। लगातार हो रही कार्रवाइयों से जिले में हड़कंप मचा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे