तार के फंदे में फंसकर तेंदुए की मौत, 24 घंटे में दो आरोपित गिरफ्तार; एक फरार

 


कटनी, 11 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के कटनी जिले में रीठी वन परिक्षेत्र के देवरी-पटोहा तालाब के जंगल में तार के फंदे में फंसकर तेंदुए की मौत के मामले में वन विभाग ने तेजी से कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपितों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया है। मामले में एक अन्य आरोपी के फरार होने की जानकारी सामने आई है।

एसडीओ कार्तिकेय भट्ट के अनुसार, 10 सितंबर को किसान के खेत के समीप करीब तीन से चार वर्ष उम्र के नर तेंदुए का शव मिला था। सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और तेंदुए के शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू की।

प्रारंभिक जांच में आशंका जताई गई कि जंगली सूअर और हिरण का शिकार करने के उद्देश्य से खेत के आसपास तार का फंदा लगाया गया था। इसी फंदे में तेंदुआ फंस गया और उसकी मौत हो गई। वन विभाग ने घटना को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई तेज कर दी।

वन परिक्षेत्र अधिकारी महेश पटेल ने वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में टीम गठित कर मामले की जांच शुरू कराई। टीम ने पूछताछ और उपलब्ध जानकारी के आधार पर संदिग्धों तक पहुंच बनाई और कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। दोनों को वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत दर्ज प्रकरण में न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है।

वन विभाग अब मामले की आगे जांच कर रहा है। अधिकारियों का प्रयास है कि तेंदुए की मौत के लिए लगाए गए तार के फंदे के पीछे आरोपियों के अलावा और कौन-कौन लोग शामिल थे, इसका भी पता लगाया जा सके। इस मामले में एक आरोपी के फरार होने की बात सामने आई है, जिसकी तलाश की जा रही है।

वन विभाग के उच्च अधिकारियों ने त्वरित कार्रवाई के लिए रीठी वन परिक्षेत्र अधिकारी महेश पटेल सहित पूरी टीम की सराहना की है। विभाग की जांच अभी जारी है।

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश चतुर्वेदी