शहडोल: करण गौतम भारतीय जूनियर टीम में चयनित, खेलेंगे विश्व कप

 


शहडोल, 09 नवंबर (हि.स.)। शहडोल संभाग के उमरिया जिले की पहचान हॉकी की नर्सरी के रूप में रही है। लगभग 100 वर्षों के गौरवशाली हॉकी इतिहास को आगे बढ़ाते हुए जिले के खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। उमरिया के होनहार हॉकी खिलाड़ी 18 वर्षीय करण गौतम का चयन भारतीय जूनियर हॉकी टीम के लिए हुआ है। वह नवंबर माह में मिस्र में आयोजित होने वाले जूनियर हॉकी विश्व कप में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे। करण की इस उपलब्धि ने उमरिया जिले के साथ पूरे शहडोल संभाग का गौरव बढ़ाया है।

जिला क्रीड़ा अधिकारी शेख सलीम ने सोमवार को बताया कि करण गौतम उमरिया की ज्वालामुखी कॉलोनी निवासी एवं पेशे से शिक्षक अजय गौतम के पुत्र हैं। हॉकी में फॉरवर्ड पोजीशन पर खेलने वाले करण का चयन तीन वर्ष पूर्व मध्यप्रदेश हॉकी टीम के लिए हुआ था। इसके बाद उन्होंने विभिन्न राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। करण भारतीय हॉकी टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए अंडर-18 एशिया कप एवं यूथ 5एस एशियन चैंपियनशिप में हिस्सा ले चुके हैं। इन दोनों अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उन्होंने स्वर्ण पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाया है। इसके अलावा वर्ष 2022 से 2026 तक मध्यप्रदेश की ओर से सब जूनियर नेशनल हॉकी प्रतियोगिताओं में भाग लेकर राष्ट्रीय स्तर पर रजत पदक भी हासिल किया है।

करण गौतम वर्तमान में भोपाल स्थित मध्यप्रदेश हॉकी अकादमी में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। खेल एवं युवा कल्याण विभाग मध्यप्रदेश शासन के अंतर्गत संचालित इस अकादमी में वे अपने खेल कौशल को और बेहतर बनाने के लिए निरंतर अभ्यास कर रहे हैं। उनके शानदार प्रदर्शन और उपलब्धियों के आधार पर भारतीय जूनियर हॉकी टीम में उनका चयन हुआ है।

लगभग 100 वर्ष पुराना है उमरिया का हॉकी इतिहास

उमरिया जिले में हॉकी खेल का इतिहास लगभग एक शताब्दी पुराना है। जिले के अनेक खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर उमरिया को पहचान दिलाई है। इनमें प्यारे लाल बैगा, सूर्य प्रकाश गौतम, शेख हमीद, गोपाल विश्वकर्मा, सुखचंद खटिक, गुलजारी लाल नंदा, शेख सलीम, राकेश शर्मा, विष्णु भारती एवं राज उदय सिंह के नाम प्रमुख रूप से जाने जाते हैं।

पिछले 15 वर्षों से जिला क्रीड़ा अधिकारी शेख सलीम, जिला प्रशासन तथा खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा उमरिया की हॉकी परंपरा को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इन प्रयासों से जिला मुख्यालय में हॉकी खिलाड़ियों की नई पौध तैयार हुई है। इस दौरान दीपक सिंह, राजा भईया कोरी, मोहम्मद समीम, सुजल, पुनीत सिंह, जितेन्द्र सोधियां, सचिन गुप्ता, तनीश कोरी, प्रथम सोधियां, अब्दुल वसी, करण खटिक, ऋषि, विजय खटिक, मोहम्मद उवैश, प्रिंस जैन एवं ओम सोधियां जैसे खिलाड़ियों ने राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है।

जिले के राहुल बर्मन राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी होने के साथ वर्तमान में राष्ट्रीय निर्णायक भी हैं। उन्होंने चंडीगढ़ सब जूनियर नेशनल चैंपियनशिप एवं दिल्ली नेहरू नेशनल प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका निभाई है। साथ ही वे उमरिया के नवोदित खिलाड़ियों को प्रशिक्षण भी दे रहे हैं। इसी प्रकार शिवम सोधियां सीनियर राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी हैं, जिन्होंने दिल्ली, लुधियाना, रांची एवं जालंधर सहित विभिन्न स्थानों पर आयोजित प्रतियोगिताओं में मध्यप्रदेश का प्रतिनिधित्व किया है। जिले के कई खिलाड़ी राष्ट्रीय हॉकी अकादमी में प्रशिक्षण के लिए भी चयनित हो चुके हैं।

जिले के अमर शहीद स्टेडियम मैदान में सुबह एवं शाम नवोदित हॉकी खिलाड़ियों को नियमित रूप से प्रशिक्षण दिया जा रहा है। खेल एवं युवा कल्याण विभाग तथा स्कूल शिक्षा विभाग के समन्वित सहयोग से खिलाड़ियों को अभ्यास एवं खेल कौशल विकसित करने के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। सीनियर कोच शेख सलीम ने बताया कि उमरिया में एस्ट्रोटर्फ हॉकी मैदान बनने से जिले में हॉकी खेल को और बढ़ावा मिलेगा तथा उमरिया की पहचान हॉकी के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित होगी।

उमरिया की पुरानी हॉकी परंपरा, जिला प्रशासन के प्रयास, प्रशिक्षकों का मार्गदर्शन और खिलाड़ियों की मेहनत से जिले में नई हॉकी नर्सरी तैयार हो रही है। करण गौतम का भारतीय जूनियर हॉकी टीम में चयन इसी निरंतर प्रयास का महत्वपूर्ण उदाहरण है। अब जिले एवं संभाग के खेल प्रेमियों को उम्मीद है कि करण मिस्र में होने वाले जूनियर हॉकी विश्व कप में अपने शानदार प्रदर्शन से देश और उमरिया का नाम रोशन करेंगे।

मनीष शुक्ला

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला