पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दामों पर कमलनाथ ने सरकार को घेरा, बोले- महंगाई से जनता बेहाल

 


भाेपाल, 25 मई (हि.स.)। देश में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी दर्ज की गई है। ताजा बढ़ोतरी के बाद पेट्रोल की कीमत में 2.61 रुपये प्रति लीटर और डीजल में 2.71 रुपये प्रति लीटर की वृद्धि हुई है। इसके साथ ही राजधानी भोपाल समेत पूरे मध्य प्रदेश में पेट्रोल और डीजल की कीमतें भी बढ़ गई है। प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता कमलनाथ ने पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों को लेकर सरकार पर निशाना साधा है।

कमलनाथ ने पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों को लेकर सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने साेमवार काे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा- आज पेट्रोल और डीजल की कीमत में क्रमशः 2.61 रूपये प्रति लीटर और 2.71 रूपये प्रति लीटर की वृद्धि के साथ मध्य प्रदेश में डीजल 100 रुपए के पार और पेट्रोल 115 रुपए लीटर तक महंगा हो गया है। कमलनाथ ने आगे कहा कि हमारे नेता राहुल गांधी ने 15 मई को हुई पहली बढ़ोत्तरी के समय ही कहा था कि यह शुरुआत है और अभी लगातार क़ीमत बढ़ाई जाएंगी। उन्होंने समय रहते ही देश के सामने आ रहे आर्थिक संकट और महंगाई के बारे में एक्शन लेने को कहा था। लेकिन सरकार समय रहते नहीं चेती। दुर्भाग्य की बात है कि सरकार महंगाई रोकने के लिए टैक्स में कटौती करने के बजाय सारा बोझ जनता पर डाल रही है। सरकार इस सच्चाई से मुँह फेर रही है कि जब कच्चे तेल के दाम कम थे तब तेल की कीमतें कम नहीं की गई थीं।

कमलनाथ ने कहा कि सरकार के इसी रवैये के कारण नए रेट के मुताबिक, भोपाल में 1 लीटर पेट्रोल की कीमत 114.65 रुपए और डीजल 99.74 रुपए में हो गई है। प्रदेश के 5 बड़े शहरों में उज्जैन में तेल सबसे ज्यादा महंगा है। डीजल 100.11 रुपए और पेट्रोल 115.03 रुपए में मिलेगा। इंदौर में 114.54 रुपए में पेट्रोल और 99.57 रुपए में डीजल दिया जाएगा। जबलपुर और ग्वालियर में भी कीमतें बढ़ी है।

गाैरतलब है कि पिछले 10 दिनों में यह चौथी बार है जब ईंधन के दाम बढ़ाए गए हैं, जिससे आम लोगों की जेब पर अतिरिक्त बोझ बढ़ गया है। इसके साथ ही लगातार बढ़ती महंगाई ने रोजाना सफर करने वाले लोगों, छोटे व्यापारियों और परिवहन क्षेत्र से जुड़े कारोबारियों की चिंता बढ़ा दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे