मप्रः नौका विहार कर नगर भ्रमण पर निकले ज्योतिर्लिंग भगवान ओंकारेश्वर-ममलेश्वर, खूब उड़ा गुलाल
खंडवा, 03 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के खंडवा जिले की धार्मिक तीर्थ नगरी ओम्कारेश्वर में आज श्रावण मास के पहले सोमवार पर भगवान ओंकारेश्वर एवं ममलेश्वर ज्योतिर्लिंग की भव्य सवारी निकली। दोनों ज्योतिर्लिंग भगवान की रजत प्रतिमाओं का गौमुख घाट और कोटितीर्थ घाट पर विशेष पूजन-अभिषेक हुआ। इसके बाद यह सवारी मां नर्मदा नदी में नौका विहार करते हुए नगर भ्रमण के लिए निकली।
श्रावण के प्रथम सोमवार को प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग भगवान ओंकारेश्वर के मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान का पंचामृत से अभिषेक भी किया गया। इसके बाद सुसज्जित नौकाओं में दोनों भगवान की रजत प्रतिमा को विराजमान कर नर्मदा में नौका विहार कराया गया। इस दौरान भोले बाबा के दर्शन के लिए नर्मदा के घाटों पर हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। यहां मौजूद हर कोई हर-हर महादेव और जय ओंकारेश्वर महादेव के जयघोष कर रहा था, जिससे पूरी तीर्थनगरी शिवमय हो गई। श्रद्धालुओं ने हाथ जोड़कर बाबा का आशीर्वाद लिया, जबकि देश और दुनियाभर से आए कई भक्त इस दिव्य क्षण को अपने मोबाइल के कैमरों में भी कैद करते नजर आए।
भोले बाबा की सवारी के इस पूरे मार्ग में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा और गुलाब की पंखुड़ियों के साथ ही रंग गुलाल उड़ा कर बाबा का स्वागत किया। वहीं संत-महात्माओं और स्थानीय नागरिकों सहित महिलाओं, युवाओं और छोटे-छोटे बच्चों ने भी सवारी में उत्साहपूर्वक भाग लिया। ये सभी पूरे समय ढोल ढमाकों की धुन पर थिरकते रहे। इसके चलते भोले बाबा की सवारी के पूरे मार्ग पर भक्ति, श्रद्धा और उल्लास का वातावरण बना रहा। इधर जिला प्रशासन ने भी चाक चौबंद सुरक्षा व्यवस्था कर रखी थी। इसके बीच शांतिपूर्ण ढंग से निकली इस भव्य सवारी में हजारों श्रद्धालुओं ने शामिल होकर भगवान ओंकारेश्वर-ममलेश्वर के दर्शन कर सुख-समृद्धि और मंगल की कामना की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर