केन-बेतवा परियोजना में प्रभावित परिवारों को न्याय मिलना चाहिए : जीतू पटवारी
पन्ना दौरे में आदिवासी परिवारों और किसानों से मिले, पुनर्वास एवं मुआवज़े के मुद्दों पर सरकार को घेरा
पन्ना/ भाेपाल, 11 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने सोमवार को पन्ना जिले के विश्रामगंज एवं बालूपुर क्षेत्र का दौरा कर केन-बेतवा परियोजना से प्रभावित आदिवासी परिवारों एवं किसानों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने विस्थापन, मुआवज़ा, पुनर्वास और आवास संबंधी समस्याओं को लेकर ग्रामीणों से चर्चा की तथा उनकी परेशानियों को गंभीरता से सुना।
ग्रामीणों को संबोधित करते हुए जीतू पटवारी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी प्रभावित परिवारों के अधिकार, सम्मान और न्याय के मुद्दे पर उनके साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि वे कांग्रेस नेता राहुल गांधी के संदेश के साथ लोगों के बीच पहुंचे हैं और पार्टी आदिवासियों, किसानों एवं कमजोर वर्गों की आवाज़ को प्राथमिकता देती है।
पीसीसी चीफ पटवारी ने प्रशासन से परियोजना से प्रभावित परिवारों की संख्या, मुआवज़े की स्थिति और पुनर्वास की प्रक्रिया से संबंधित जानकारी मांगी। उन्होंने कहा कि जिन परिवारों में अलग-अलग व्यस्क सदस्य हैं, उनके अधिकारों का भी उचित ध्यान रखा जाना चाहिए। साथ ही उन्होंने यह सवाल भी उठाया कि कितने लोगों को भूमि और मकानों का मुआवज़ा प्राप्त हुआ तथा कितने परिवार अब भी प्रक्रिया से बाहर हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रभावित परिवारों को दिए जा रहे मुआवज़े और आवास सहायता की राशि वर्तमान परिस्थितियों के अनुरूप पर्याप्त नहीं है। पटवारी ने कहा कि सरकार को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि विस्थापित परिवारों को सम्मानजनक पुनर्वास और उचित आर्थिक सहायता मिले, ताकि उनका जीवन प्रभावित न हो।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा भूमि अधिग्रहण पर बेहतर मुआवज़े की बात का उल्लेख करते हुए पटवारी ने कहा कि सरकार को अपने दावों के अनुरूप ज़मीनी स्तर पर भी पारदर्शी और न्यायपूर्ण व्यवस्था लागू करनी चाहिए। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि आदिवासियों और किसानों की ज़मीन अधिग्रहण की प्रक्रिया में कई परिवारों को अपेक्षित लाभ नहीं मिल पा रहा है। किसानों के मुद्दे पर बोलते हुए जीतू पटवारी ने कहा कि समर्थन मूल्य और कृषि उपज के उचित दाम किसानों की प्रमुख चिंता बने हुए हैं। उन्होंने दावा किया कि कई किसान अपेक्षित मूल्य से कम दर पर गेहूं बेचने को मजबूर हैं, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति प्रभावित हो रही है।
पटवारी ने कहा कि यदि प्रभावित परिवारों को उचित मुआवज़ा, पारदर्शी पुनर्वास और न्याय नहीं मिला, तो कांग्रेस पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करेगी और उनकी आवाज़ को मजबूती से उठाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे