मानस भवन राजस्व शिविर का न्यायमूर्ति विवेक रूसिया द्वारा निरीक्षण
जबलपुर, 28 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर में नगर निगम द्वारा नागरिकों की सुविधा हेतु मानस भवन में आयोजित विशेष राजस्व शिविर का शनिवार को न्यायमूर्ति विवेक रूसिया द्वारा निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान माननीय न्यायमूर्ति ने निगम द्वारा करदाताओं के लिए की गई सुव्यवस्थित व्यवस्थाओं और शिविर के सफल संचालन पर संतोष व्यक्त करते हुए नगर निगम प्रशासन की सराहना की। इस गरिमामयी अवसर पर न्यायमूर्ति के साथ उच्च न्यायालय एवं जिला सत्र न्यायालय के अन्य न्यायाधीशगण भी उपस्थित रहे। शिविर स्थल पर कलेक्टर राघवेंद्र सिंह एवं निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने माननीय न्यायमूर्ति का स्वागत किया और उन्हें शिविर की कार्यप्रणाली तथा अब तक प्राप्त राजस्व व निराकृत प्रकरणों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी।
निगमायुक्त अहिरवार ने बताया कि माननीय न्यायमूर्ति ने शिविर में बनाए गए विभिन्न काउंटरों का अवलोकन किया और पाया कि वृद्धजनों एवं सामान्य नागरिकों के लिए बैठने व पेयजल की समुचित व्यवस्था की गई है। उन्होंने संपत्ति कर, जल कर एवं अन्य विधिक प्रक्रियाओं के ऑन-स्पॉट निपटारे की सराहना करते हुए इसे जनहितैषी कदम बताया।
निगमायुक्त ने अवगत कराया कि डिजिटल माध्यमों के उपयोग से प्रक्रिया में पारदर्शिता और गति आई है, जिसकी माननीय न्यायमूर्ति ने प्रशंसा की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक