उमरिया : बारिश के बीच जोहिला बांध के पांच गेट खुले, तेज बहाव देखने उमड़े लोग
उमरिया, 09 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उमरिया ले में पिछले कई दिनों से रुक-रुककर हो रही बारिश के चलते जोहिला बांध का जलस्तर बढ़ गया है। पानी की लगातार बढ़ती आवक को देखते हुए बांध प्रबंधन ने रविवार को पहली बार इस मानसून में एक साथ पांच गेट खोलकर पानी की निकासी शुरू की। गेट खुलते ही तेज बहाव के साथ पानी निकलने लगा। बांध का यह नजारा देखने के लिए आसपास के लोग भी पहुंचने लगे।
बांध प्रबंधन के अनुसार गेट क्रमांक दो को दो मीटर, तीन को तीन मीटर, चार को तीन मीटर, पांच को दो मीटर और छह को दो मीटर तक खोला गया है। पांचों गेट से कुल 12 मीटर पानी की निकासी की जा रही है। इससे करीब 50 हजार क्यूसेक पानी प्रति सेकंड की दर से बाहर निकल रहा है।
पहली बार एक साथ खुले पांच गेट
इस बारिश के मौसम में पहली बार जोहिला बांध के पांच गेट एक साथ खोले गए हैं। जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में लोग बांध का नजारा देखने पहुंचने लगे। पाली निवासी शिवम गुप्ता ने बताया कि इससे पहले एक और दो गेट खुले थे, लेकिन एक साथ पांच गेटों से पानी निकलते देखना अलग अनुभव है।
माला गुप्ता ने बताया कि बांध से तेज बहाव के साथ पानी निकलने का दृश्य आकर्षक है। एक साथ पांच गेट खुलना सामान्य तौर पर देखने को नहीं मिलता। बांध पर सुरक्षा कर्मी तैनात हैं और लोगों को पानी के तेज बहाव वाले क्षेत्र से दूर रहने की हिदायत दी जा रही है।
सुरक्षा को लेकर सतर्कता
बांध के गेट खुलने के बाद लोगों की भीड़ को देखते हुए सुरक्षा कर्मियों को तैनात किया गया है। लोगों को पानी के नजदीक जाने से रोका जा रहा है। प्रशासन और बांध प्रबंधन ने लोगों से तेज बहाव वाले क्षेत्रों में नहीं जाने तथा सावधानी बरतने की अपील की है।
24 घंटे में 10.9 मिलीमीटर बारिश
अधीक्षक भू-अभिलेख के अनुसार उमरिया जिले में पिछले 24 घंटे के दौरान औसत 10.9 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इस दौरान बांधवगढ़ में 5.7, मानपुर में 38.6, पाली में 10.8, नौरोजाबाद में 7.2, चंदिया में 7.1, करकेली में 4.9 और बिलासपुर में 1.2 मिलीमीटर बारिश हुई।
एक जून से नौ अगस्त तक जिले में कुल 514.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। इसमें बांधवगढ़ में 613.9, मानपुर में 466.2, पाली में 586.4, नौरोजाबाद में 571.8, चंदिया में 430.7, करकेली में 545.4 और बिलासपुर में 385 मिलीमीटर वर्षा शामिल है।
पिछले वर्ष इसी अवधि में जिले में 846.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई थी। इस वर्ष अब तक पिछले साल की तुलना में कम बारिश हुई है, लेकिन पिछले कुछ दिनों से लगातार हो रही वर्षा के चलते जोहिला बांध में पानी की आवक बढ़ी है। इसी के मद्देनजर पांच गेट खोलकर अतिरिक्त पानी की निकासी की जा रही है।
फिलहाल बांध से निकलता पानी लोगों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। हालांकि प्रशासन ने सुरक्षा को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने और पानी के तेज बहाव से दूर रहने की अपील की है।
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेन्द्र त्रिपाठी