जबलपुरः निगमायुक्त ने सिविल लाइन, घंटाघर और मालगोदाम चौक का किया औचक निरीक्षण

 


जबलपुर, 15 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने, स्वच्छता मानकों को बेहतर करने और नागरिकों को और बेहतर सुविधाएं प्रदान करने के उद्देश्य से नगर निगम आयुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने मंगलवार को शहर के प्रमुख और व्यस्ततम क्षेत्रों सिविल लाइन, घंटाघर और मालगोदाम चौक का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को कार्यप्रणाली में गति लाने और व्यवस्थाओं को अधिक नागरिक-अनुकूल बनाने के कड़े व आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त ने संबंधित विभागीय प्रमुखों के साथ पैदल भ्रमण कर वस्तुस्थिति का जायजा लिया। उन्होंने सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता बनाए रखने, अतिक्रमण हटाने और सड़कों की मरम्मत एवं सौंदर्यीकरण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने पर विशेष जोर दिया।

घंटाघर और मालगोदाम चौक जैसे क्षेत्रों में नियमित सफाई सुनिश्चित करने और नालियों की तत्काल सफाई कराने के निर्देश दिए। निगमायुक्त द्वारा निरीक्षण के दौरान सड़कों और फुटपाथों पर अवैध रूप से किए गए अतिक्रमण को हटाने और पार्किंग व्यवस्था को व्यवस्थित करने के निर्देश दिए गए, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को राहत मिल सके।

उनके द्वारा शहर के ऐतिहासिक घंटाघर क्षेत्र के आसपास सौंदर्यीकरण बढ़ाने, हरियाली को बढ़ावा देने और सभी प्रमुख मार्गों को व्यवस्थित करने को कहा गया। इसके साथ ही कहा कि विभागों से संबंधित लंबित कार्यों को तय समयसीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूरा करें, जिसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक