जबलपुरः सुलभ शौचालय की सीलिंग गिरने के मामले में दोषी अधिकारियों-ठेकेदारों पर होगी कार्रवाई

 


जबलपुर, 09 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले के गंजीपुरा स्थित सुलभ शौचालय की सीलिंग का एक हिस्सा गिरने के मामले में रविवार को नगर निगम प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि जांच रिपोर्ट के आधार पर जिम्मेदार दोषी अधिकारियों एवं ठेकेदारों के विरुद्ध सख्त से सख्त वैधानिक व अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निर्माण एवं रखरखाव में किसी भी स्तर की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नागरिकों की सुरक्षा और सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए शौचालय परिसर की उच्च गुणवत्तायुक्त मरम्मत का कार्य शीघ्र ही प्रारंभ कराया जा रहा है। क्षतिग्रस्त हिस्से की री-स्ट्रक्चरिंग और मजबूतीकरण का काम तुरंत शुरू होगा। इसके साथी अन्य निर्माण की भी जांच की जाएगी।

उल्लेखनीय है कि शनिवार को सुलभ कांप्लेक्स की सीलिंग गिरने के बाद निगम नेता प्रतिपक्ष अमरीश मिश्रा एवं पूर्व विधायक विनय सक्सेना ने इसे भ्रष्टाचार करार देते हुए जोरदार प्रदर्शन किया था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक