सतना: जीतू पटवारी ने कानून व्यवस्था, अपराध और भ्रष्टाचार के मुद्दों पर सरकार को घेरा
भोपाल/ सतना, 11 मई (हि.स.) । मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने साेमवार को सतना में आयोजित पत्रकार वार्ता काे संबाेधित करते हुए प्रदेश की कानून व्यवस्था, बढ़ते अपराध और भ्रष्टाचार के मुद्दों को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में अपराध और प्रशासनिक अव्यवस्था लगातार बढ़ रही है, जिससे आम जनता में असुरक्षा का माहौल बन रहा है।
जीतू पटवारी ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में जनप्रतिनिधियों और सत्ता से जुड़े लोगों के खिलाफ लगातार विवादित घटनाएँ सामने आ रही हैं। उन्होंने शिवपुरी में भाजपा विधायक प्रीतम लाेधी द्वारा अधिकारियों से कथित अभद्र व्यवहार और धमकी देने की घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि इस तरह की घटनाएँ प्रशासनिक व्यवस्था पर नकारात्मक प्रभाव डालती हैं। उन्होंने कहा कि यदि जनप्रतिनिधि ही प्रशासनिक अधिकारियों पर दबाव बनाएंगे, तो कानून व्यवस्था प्रभावित होना स्वाभाविक है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने दावा किया कि प्रदेश में अपराधियों के हौसले बढ़े हैं और सरकार स्थिति नियंत्रित करने में प्रभावी भूमिका नहीं निभा पा रही है।
भ्रष्टाचार के मुद्दे पर पटवारी ने कहा कि प्रदेश के कई सरकारी कार्यालयों में आम जनता को अब भी भ्रष्टाचार और अनियमितताओं का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने पत्रकारों से अपील करते हुए कहा कि यदि सतना और रीवा संभाग में कोई ऐसा कार्यालय हो जहाँ बिना किसी भ्रष्टाचार के जनता के कार्य हो रहे हों, तो कांग्रेस पार्टी उस कार्यालय का सार्वजनिक सम्मान करेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लोकतांत्रिक परंपराओं का सम्मान करती है और विपक्ष के रूप में जनता से जुड़े मुद्दों को उठाना उसकी जिम्मेदारी है।
एनसीआरबी रिपोर्ट का हवाला देते हुए जीतू पटवारी ने प्रदेश में महिलाओं, बच्चों, अनुसूचित जाति और जनजाति वर्ग के खिलाफ बढ़ते अपराधों पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा की स्थिति गंभीर बनी हुई है और सरकार को इस दिशा में अधिक प्रभावी कदम उठाने की आवश्यकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में महिलाओं और बेटियों के खिलाफ अपराध लगातार सामने आ रहे हैं। साथ ही कहा कि महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी होनी चाहिए।
पीसीसी चीफ पटवारी ने गृह विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए और कहा कि अपराधियों में कानून का भय कम होता दिखाई दे रहा है। उन्होंने सरकार से अपराध और भ्रष्टाचार पर कठोर कार्रवाई करने तथा महिलाओं, दलितों, आदिवासियों, बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे