जीतू पटवारी ने दिवंगत टीआई दिलीप पुरी को दी श्रद्धांजलि, पुलिसकर्मियों के बच्चों को मुफ्त शिक्षा देने की मांग उठाई

 




धार/भाेपाल, 05 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी गुरुवार को धार जिले के ग्राम बरमंडल पहुंचे। यहां उन्होंने वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रकाश पुरी के पुत्र एवं खातेगांव थाना प्रभारी स्वर्गीय दिलीप पुरी को श्रद्धांजलि अर्पित की और शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर संवेदनाएं व्यक्त कीं। इस दौरान उन्होंने पुलिसकर्मियों के बच्चों को निःशुल्क शिक्षा देने की मांग उठाते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से इस संबंध में तत्काल घोषणा करने की अपील की।

जीतू पटवारी ने कहा कि पुलिसकर्मी कठिन परिस्थितियों में दिन-रात जनता की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी निभाते हैं। कई बार ड्यूटी की व्यस्तता के कारण उन्हें नियमित अवकाश भी नहीं मिल पाता। ऐसे में सरकार की जिम्मेदारी है कि पुलिसकर्मियों के साथ उनके परिवारों की सामाजिक और आर्थिक सुरक्षा का भी ध्यान रखे। उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की कि पुलिस विभाग के तृतीय और चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारियों के बच्चों को पूरी तरह निःशुल्क शिक्षा उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाए। पटवारी ने कहा कि पुलिसकर्मियों के बच्चों की शिक्षा का खर्च सरकार उठाएगी तो इससे उनके परिवारों को आर्थिक राहत मिलेगी। उन्होंने इसे स्वर्गीय दिलीप पुरी के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि बताते हुए कहा कि पुलिसकर्मियों के परिवारों के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए सरकार को ठोस पहल करनी चाहिए।

अवैध शराब तस्करी पर सीबीआई जांच की मांग

धार प्रवास के दौरान पटवारी ने प्रदेश में अवैध शराब के कारोबार और गुजरात में हो रही शराब तस्करी को लेकर भी राज्य सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश के गांवों और शहरों में अवैध रूप से शराब की बिक्री हो रही है। उनका कहना था कि इतने बड़े स्तर पर संचालित इस कारोबार के पीछे सक्रिय नेटवर्क और उसे मिलने वाले कथित राजनीतिक एवं प्रशासनिक संरक्षण की जांच होनी चाहिए।

पटवारी ने सवाल उठाया कि गुजरात में अवैध शराब की आपूर्ति और तस्करी के पीछे कौन लोग सक्रिय हैं और इस नेटवर्क को किनका संरक्षण मिल रहा है। उन्होंने मांग की कि सरकार इस पूरे मामले की सीबीआई से जांच कराए, ताकि तस्करी में शामिल लोगों, उनके सहयोगियों और कथित संरक्षकों की भूमिका सामने आ सके।

उन्होंने कहा कि केवल कार्रवाई दिखाने या मीडिया में बयान देने से अवैध शराब के कारोबार पर रोक नहीं लगेगी। इसके लिए पूरे नेटवर्क की पहचान कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करना जरूरी है। पटवारी ने राज्य सरकार से अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण और तस्करी में शामिल लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की।

इस दौरान पूर्व मंत्री एवं कुक्षी विधायक सुरेंद्रसिंह सिंह बघेल, सरदारपुर विधायक प्रताप ग्रेवाल, जिला कांग्रेस अध्यक्ष स्वतंत्र जोशी, जिला कांग्रेस प्रभारी रघु परमार, इंदौर ग्रामीण कांग्रेस जिला अध्यक्ष विपिन वानखेड़े, पूर्व विधायक पांचीलाल मेड़ा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे