राजगढ़ में भीषण गर्मी का कहर, तापमान 45.5 डिग्री पहुंचा
राजगढ़, 18 मई (हि.स.)। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले में गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। सोमवार को ब्यावरा सहित आसपास के क्षेत्रों में इस सीजन का सबसे अधिक तापमान दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान 45.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित रहा।
भीषण गर्मी और तेज लू के चलते दोपहर 12 बजे से शाम 5 बजे तक बाजारों और सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। लोग केवल जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकले। राष्ट्रीय राजमार्ग पर भी सामान्य दिनों की तुलना में वाहनों की आवाजाही कम दिखाई दी। कई वाहन चालक गर्मी से राहत पाने के लिए ढाबों और छायादार स्थानों पर रुकते नजर आए।
तेज धूप और गर्म हवाओं के बीच लोग शीतल पेय और ठंडे पानी का सहारा लेते दिखे। वहीं, गर्मी को देखते हुए सामाजिक संस्थाएं भी सक्रिय रहीं। ब्यावरा रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के लिए पेयजल और ठंडे पेय की व्यवस्था की गई, जिससे यात्रियों को राहत मिली।
चिकित्सकों ने लोगों को लू और डिहाइड्रेशन से बचने की सलाह दी है। खासकर बच्चों और बुजुर्गों को दोपहर के समय घर से बाहर न निकलने की हिदायत दी गई है। डॉक्टरों का कहना है कि अत्यधिक गर्मी के कारण शरीर में पानी की कमी और स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं बढ़ सकती हैं।
गौरतलब है कि जिले में पिछले कई दिनों से तापमान लगातार बढ़ रहा है। शनिवार को अधिकतम तापमान 41.8 डिग्री और शुक्रवार को 42.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। वहीं रात का तापमान भी 30 डिग्री तक पहुंचने से लोगों को रात में भी गर्मी से राहत नहीं मिल रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक