राजगढ़ः जिले में झमाझम बारिश से मिली राहत, किसानों में बढ़ी उम्मीद
राजगढ़, 02 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में 11 दिन के इंतजार के बाद गुरुवार को मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया। सुबह से छाए बादलों के बीच शाम करीब 4 बजे शुरू हुई झमाझम बारिश देर रात तक रुक-रुककर जारी रही। पहली अच्छी बारिश से लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली, वहीं किसानों के चेहरों पर भी खुशी लौट आई।
मौसम विभाग ने गुरुवार और शुक्रवार के लिए जिले में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। जिले में मानसून 20 जून के आसपास सक्रिय हो जाता है, लेकिन इस बार इसकी दस्तक करीब 11 दिन देरी से हुई। प्रदेश में भी मानसून 24 जून को पहुंचा था।
मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक जिले के कई क्षेत्रों में तेज बारिश का दौर जारी रह सकता है। कृषि विभाग के मुताबिक 15 जून के बाद हुई प्री-मानसून बारिश के चलते खरीफ फसलों की बोवनी शुरू हो गई थी। अब तक जिले के 60 से 65 प्रतिशत रकबे में बोवनी पूरी हो चुकी है। ब्यावरा और नरसिंहगढ़ क्षेत्र में कम बारिश से रफ्तार धीमी रही, लेकिन अब अच्छी बारिश के बाद शेष क्षेत्रों में भी तेजी आने की उम्मीद है। हालांकि इस वर्ष अब तक बारिश सामान्य से काफी कम रही है।
1 जून से 2 जुलाई के बीच जिले में केवल 124 मिमी वर्षा दर्ज हुई है, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में 266 मिमी बारिश हुई थी। ब्यावरा में यह आंकड़ा 422 मिमी से घटकर केवल 55 मिमी रह गया है। कम बारिश के चलते इस बार जिले में सोयाबीन का रकबा 10 हजार हेक्टेयर से अधिक घटने का अनुमान है, जबकि मक्का, उड़द और मूंग जैसी कम पानी वाली फसलों का रकबा बढ़ सकता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक