जबलपुर : झारखंड में विद्यार्थियों पर लाठीचार्ज के विरोध में जबलपुर में फूटा आक्रोश
जबलपुर, 13 अगस्त (हि.स.)। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, जबलपुर महानगर द्वारा गुरुवार को घंटाघर, बड़ी ओमती में झारखंड में जेपीएससी एवं जेएसएससी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध में विधानसभा घेराव के लिए निकाले गए शांतिपूर्ण मार्च के दौरान अभाविप कार्यकर्ताओं पर हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया गया। बड़ी संख्या में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने झारखंड सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए छात्र हितों पर हुए दमन का विरोध दर्ज कराया।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए परिषद के प्रांत मंत्री सुव्रत बाझल ने कहा कि झारखंड में परीक्षाओं में अनियमितताओं से आक्रोशित हजारों विद्यार्थी अपनी न्यायसंगत मांगों को लेकर लोकतांत्रिक तरीके से विधानसभा घेराव के लिए आगे बढ़ रहे थे। विद्यार्थियों के शांतिपूर्ण मार्च को रोकने के लिए प्रशासन ने अभाविप के भोले-भाले कार्यकर्ताओं पर बर्बरतापूर्वक लाठियां बरसाईं, आंसू गैस के गोले दागे और वॉटर कैनन चलाए। इस कार्रवाई में अनेक कार्यकर्ता घायल हुए, जिसके कारण पूरे देश के विद्यार्थियों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
महानगर मंत्री आर्यन पुंज ने कहा कि छात्रों की आवाज को लाठी, आंसू गैस और पानी की बौछारों के बल पर दबाने का प्रयास लोकतंत्र की मूल भावना के विरुद्ध है। किसी भी लोकतांत्रिक व्यवस्था में छात्रों को अपनी मांगें शांतिपूर्ण ढंग से रखने का अधिकार है, लेकिन झारखंड सरकार ने संवाद के स्थान पर दमन का रास्ता अपनाया, जो अत्यंत निंदनीय है।
अभाविप जबलपुर महानगर ने झारखंड के छात्र आंदोलन के प्रति पूर्ण एकजुटता व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यार्थी परिषद देशभर के छात्रों के अधिकारों की रक्षा के लिए सदैव अग्रिम पंक्ति में खड़ी रही है और आगे भी अन्याय के विरुद्ध संघर्ष करती रहेगी। परिषद ने चेतावनी दी कि यदि छात्रों के न्यायपूर्ण आंदोलनों को इसी प्रकार कुचलने का प्रयास किया गया तो विद्यार्थी परिषद पूरे देश में लोकतांत्रिक तरीके से अपने आंदोलन को और व्यापक करेगी।
प्रदर्शन के अंत में कार्यकर्ताओं ने छात्र हितों की रक्षा, पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था और लोकतांत्रिक अधिकारों की सुरक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प लेते हुए झारखंड के छात्र आंदोलन के समर्थन में एकजुटता व्यक्त की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक