राजगढ़ःजिले में डेढ़ घंटे झमाझम बारिश, सड़कों पर भरा पानी, 8 जुलाई तक बारिश और तेज हवा का अलर्ट
राजगढ़, 04 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में शनिवार दोपहर मौसम ने अचानक करवट ली। करीब दो बजे शुरू हुई हल्की बूंदाबांदी कुछ ही देर में तेज बारिश में बदल गई। लगभग डेढ़ घंटे तक हुई झमाझम बारिश से राजगढ़ और ब्यावरा सहित कई क्षेत्रों में सड़कें तरबतर हो गईं, जबकि निचले इलाकों में पानी भर गया।
बाजारों में खरीदारी कर रहे लोगों को दुकानों की छतों के नीचे शरण लेनी पड़ी। बारिश से उमस और गर्मी से राहत मिली तथा मौसम सुहावना हो गया।
मौसम विभाग के अनुसार जिले में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो चुका है। अगले चार से पांच दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। विभाग ने 8 जुलाई तक जिले में भारी बारिश, गरज-चमक, वज्रपात तथा 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया है। बारिश का सबसे अधिक फायदा किसानों को मिला है। लंबे इंतजार के बाद हुई अच्छी वर्षा से खेतों में पर्याप्त नमी आ गई है, जिससे खरीफ फसलों की बुवाई ने गति पकड़ ली है। किसान ट्रैक्टर और कृषि यंत्रों के साथ खेतों में बुवाई में जुट गए हैं।
किसानों का कहना है कि यदि आगामी दिनों में भी इसी तरह संतुलित बारिश होती रही तो इस वर्ष फसलों का उत्पादन बेहतर रहने की उम्मीद है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार जिले में अब तक 195.1 मिमी वर्षा दर्ज की जा चुकी है, जबकि इस अवधि में सामान्य वर्षा 140.4 मिमी मानी जाती है। लगातार बारिश के कारण तापमान में भी गिरावट आई है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस था, जो शनिवार को घटकर 32 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक