झाबुआ: पहली मीटिंग में दिखे एसपी के सख्त तेवर, अपराधियों के विरुद्ध कठौर कार्रवाई के दिए निर्देश

 


झाबुआ, 09 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के झाबुआ जिले में शनिवा को नवागत जिला पुलिस अधीक्षक द्वारा पदभार ग्रहण करने के बाद जिला पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित अपराध समीक्षा बैठक में अपराधिक तत्वों के प्रति कड़ा रुख अपनाते हुए उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए साथ ही आमजन की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किए जाने पर भी बल दिया गया।

जिला पुलिस अधीक्षक के रूप में पदभार ग्रहण करने के बाद एसपी देवेंद्र पाटीदार ने जिले की कानून व्यवस्था एवं अपराध नियंत्रण की स्थिति की विस्तृत समीक्षा करते हुए लंबित अपराधों एवं शिकायतों का गहन विश्लेषण करने एवं उनके शीघ्र निराकरण कर समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किए जाने की बात कही। उन्होंने विशेष रूप से सीएम हेल्पलाइन, एनसीआरपी पोर्टल एवं सीईआईआर पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर निराकृत करने के निर्देश दिए, ताकि आमजन की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित हो सके।

आयोजित बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक ने निर्देशित किया कि फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना जाए तथा प्रत्येक प्रकरण में वैधानिक एवं त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, जिससे आमजन को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े। साथ ही उन्होंने जन सुनवाई की शिकायतों पर प्रभावी एवं त्वरित कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया।

एसपी ने जिले में लंबित समंस एवं वारंटों की तामीली में तेजी लाने तथा गुमशुदा बालक-बालिकाओं की शीघ्र दस्तयाबी हेतु विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए, साथ ही इस बात को रैखांकित किया कि महिला संबंधी अपराधों के मामलों में संवेदनशीलता बरती जाए, तथा प्रत्येक मामले की जांच गंभीरता एवं प्राथमिकता के साथ की जाए। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक में अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाए जाने और मादक पदार्थों की बिक्री, अवैध शराब, जुआ-सट्टा एवं अन्य असामाजिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाते हुए कठोरतम कार्रवाई के भी निर्देश दिए गए, साथ ही नशा मुक्ति अभियानों को भी गंभीरता एवं प्रभावशीलता के साथ संचालित करने हेतु निर्देशित किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. उमेश चंद्र शर्मा