(अपडेट) झाबुआ: तेज रफ्तार ट्राले की टक्कर से सरपंच के ससुर-देवर की मौत

 


झाबुआ, 11 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के झाबुआ में मेघनगर थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो लोगों की मौत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक सवार ट्राले के पहियों के नीचे दब गए। हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जमा हो गए। पुलिस टीम ने करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद दोनों शवों को ट्राले के नीचे से बाहर निकाला। इस दौरान सड़क पर यातायात भी प्रभावित रहा।

घटना सजेली फाटक के पास हुई। यहां तेज रफ्तार ट्राले ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में ग्राम पंचायत तलावली की सरपंच वनिता भूरिया के ससुर भाणजी भूरिया (55) और देवर बहादुर भूरिया (38) की मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, भाणजी भूरिया और बहादुर भूरिया मंगलवार को मेघनगर से बाइक से अपने घर लौट रहे थे। दोपहर करीब 2:30 बजे सजेली फाटक के पास उनकी बाइक को ट्राला क्रमांक एमपी 45 जेडएल 503 ने टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर के बाद दोनों बाइक सवार ट्राले के नीचे आ गए। दुर्घटना में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्राला चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया।

ग्रामीणों ने किया विरोध, पुलिस ने संभाली स्थिति

दुर्घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों ने कुछ देर सड़क पर विरोध जताया और ट्राला चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इसके चलते यातायात प्रभावित हुआ और सड़क पर वाहनों की आवाजाही बाधित रही। सूचना मिलने पर मेघनगर थाना प्रभारी दिनेश शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत कर स्थिति को शांत कराया और नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद मार्ग पर यातायात बहाल कराया गया।

निर्माणाधीन पुल को लेकर ग्रामीणों ने उठाए सवाल

ग्रामीणों का कहना है कि सजेली फाटक के पास निर्माणाधीन पुल के कारण सड़क पर यातायात व्यवस्था प्रभावित रहती है और इस स्थान पर पहले भी दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। उन्होंने प्रशासन से दुर्घटना संभावित स्थान पर सुरक्षा इंतजाम बढ़ाने, यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने और निर्माण कार्य के दौरान पर्याप्त संकेतक लगाने की मांग की है।

ट्राला पुलिस के कब्जे में, चालक की तलाश

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक और ट्राले को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। ट्राला चालक के मौके से फरार होने के बाद पुलिस उसकी तलाश कर रही है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर पुलिस ने दुर्घटना के कारणों और घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे