झाबुआ में पटवारी 2 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार, इंदौर लोकायुक्त की कार्रवाई
झाबुआ, 30 जुलाई (हि.स.)। इंदौर लोकायुक्त पुलिस ने झाबुआ जिले की पेटलावद तहसील के सारंगी उप तहसील कार्यालय में कार्रवाई करते हुए एक पटवारी को 2 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पटवारी पर फार्मर आईडी में कृषि भूमि का सर्वे नंबर दर्ज करने के एवज में रिश्वत मांगने का आरोप है।
लोकायुक्त के अनुसार, मोहनपुरा हल्का नंबर-30 के पटवारी संजय अमलियार के खिलाफ पुनिया भूरिया (58) ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उनकी कृषि भूमि के छह सर्वे नंबरों में से पांच पहले से फार्मर आईडी में दर्ज थे, जबकि छठा सर्वे नंबर जोड़ने के लिए पटवारी ने 2 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की थी। शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक राजेश सहाय के निर्देशन में शिकायत का सत्यापन कराया गया। जांच में रिश्वत मांगने की पुष्टि होने पर निरीक्षक सचिन पटेरिया के नेतृत्व में ट्रैप दल गठित किया गया।
गुरूवार को टीम ने सारंगी उप तहसील कार्यालय के मीटिंग हॉल में कार्रवाई करते हुए आरोपी पटवारी को शिकायतकर्ता से 2 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। लोकायुक्त पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण (संशोधन) अधिनियम, 2018 की धारा-7 के तहत मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। कार्रवाई में निरीक्षक सचिन पटेरिया, प्रधान आरक्षक विजय कुमार तथा आरक्षक आशीष नायडू, चन्द्रमोहन बिष्ट और शैलेन्द्र सिंह बघेल शामिल रहे।
लोकायुक्त संगठन ने नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई शासकीय अधिकारी या कर्मचारी किसी कार्य के बदले रिश्वत की मांग करता है, तो इसकी शिकायत तत्काल लोकायुक्त पुलिस से करें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे