झाबुआ: गांधी जयंती से जिले में चरणबद्ध ग्राम सभाओं का आयोजन; जिला प्रशासन की व्यापक तैयारी
झाबुआ, 01 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के झाबुआ जिले के विभिन्न ग्रामों में गांधी जयंती (दो अक्टूबर) से चरणबद्ध रूप से ग्राम सभाओं का आयोजन किया जाएगा। जिले में आयोजित होने वाली ग्राम सभाओं में राज्य शासन द्वारा जारी एजेण्डे के अनुसार विभिन्न विषयों पर चर्चा कर आवश्यक कार्यवाही की जाएगी। उक्त आयोजन पंचायत राज एवं ग्राम स्वराज अधिनियम, 1993 की धारा 6, मध्यप्रदेश ग्राम सभा (सम्मिलन की प्रक्रिया) नियम, 2001 तथा मध्य प्रदेश पंचायत उपबंध (अनुसूचित क्षेत्रों पर विस्तार) नियम, 2022 के प्रावधानों के अनुरूप किया जाएगा।
इस संबंध में जिला कलेक्टर डॉ योगेश तुकाराम भरसट द्वारा गुरुवार को जानकारी दी गई कि ग्राम सभाओं का आयोजन निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप सुव्यवस्थित रूप से सुनिश्चित करने तथा प्रभावी पर्यवेक्षण एवं मॉनिटरिंग के उद्देश्य से 121 जिला स्तरीय अधिकारियों को दायित्व सौंपा गया है तथा दायित्व प्राप्त प्रत्येक जिला स्तरीय अधिकारी आवंटित ग्राम पंचायत में आयोजित ग्राम सभा में उपस्थित होकर पर्यवेक्षक के रूप में ग्राम सभा की कार्यवाही का निरीक्षण करेंगे। इस दौरान शासन द्वारा निर्धारित एजेण्डे के अनुरूप ग्राम सभा के आयोजन एवं कार्यवाही का अवलोकन किया जाएगा।
कलेक्टर डॉ. भरसट द्वारा संबंधित अधिकारियों को आवंटित ग्राम पंचायत का भ्रमण कर ग्राम सभा की प्रभावी मॉनिटरिंग करने तथा निरीक्षण उपरांत निर्धारित प्रारूप में प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। इसका उद्देश्य जिले में ग्राम सभाओं का आयोजन शासन द्वारा निर्धारित प्रावधानों एवं एजेण्डे के अनुरूप सुनिश्चित करना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. उमेश चंद्र शर्मा